पीलीभीत पुलिस ने बरामद किए 209 गुम मोबाइल, 29.22 लाख रुपये के फोन लौटाए मालिकों को

पीलीभीत। जनपद पुलिस को गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम टीम, साइबर हेल्प डेस्क तथा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से पुलिस ने कुल 209 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 29.22 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस समय खुशी से खिल उठे, जब पुलिस ने उन्हें उनके मोबाइल फोन वापस सौंपे।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विक्रम दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुम मोबाइल फोन की तलाश के लिए साइबर क्राइम टीम और साइबर हेल्प डेस्क द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रैकिंग कर विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

एएसपी ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिली है, बल्कि आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पीलीभीत पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने, साइबर हेल्प डेस्क या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Advertisement…





