बरेली में करोड़ों की GST चोरी का खुलासा, बिना कारोबार फर्जी बिलों से टैक्स का खेल, दो गिरफ्तार

बरेली। फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी के दो अलग-अलग मामलों में बरेली की जीएसटी एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हरदोई के दीपांशु तिवारी और उत्तराखंड के राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बिना वास्तविक कारोबार किए फर्जी बिल तैयार किए और उनके जरिए दूसरी फर्मों को करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन किया। राज्य कर विभाग की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद दोनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे।
फर्जी बिलों से सरकार को लगाया चूना
राज्य कर विभाग की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी फर्मों के नाम पर कागजों में खरीद-बिक्री दिखाई। इसके लिए फर्जी जीएसटी बिल और अन्य दस्तावेज तैयार किए गए। वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना दूसरी फर्मों को टैक्स क्रेडिट का लाभ पहुंचाया गया। इसे बोगस आईटीसी कहा जाता है। पुलिस के मुताबिक, इस तरीके से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।
दूसरे के दस्तावेजों से फर्जी फर्म चलाने का आरोप
पहला मामला बारादरी थाने में दर्ज है। इसमें ठाकुर इंटरप्राइजेज नाम की फर्म के जरिए फर्जी जीएसटी बिलिंग करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, बिहार के वैशाली निवासी अभिषेक ठाकुर के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्म संचालित की जा रही थी। जांच में हरदोई के मझीला थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय दीपांशु तिवारी का नाम सामने आया। एसआईटी ने 13 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली में सीखा अकाउंटिंग का काम, फिर शुरू की फर्जी बिलिंग
पूछताछ में दीपांशु ने बताया कि उसने दिल्ली से बीकॉम की पढ़ाई की थी। वर्ष 2016-17 में अकाउंटिंग और टैली का काम सीखा। इसके बाद आनंद पर्वत स्थित पाइप फैक्ट्री में करीब एक साल नौकरी की। पुलिस के मुताबिक, बाद में उसने साथियों के साथ मिलकर फर्जी जीएसटी बिलिंग शुरू कर दी। वह फर्मों की लॉगिन आईडी, पासवर्ड, ईमेल आईडी और फर्जी बिल तैयार करता था। उसने करोड़ों रुपये की आईटीसी पास ऑन करने की बात भी स्वीकार की है।
दो आईफोन समेत कई दस्तावेज बरामद
पुलिस ने दीपांशु के कब्जे से आईफोन-12 और आईफोन-7, दो सिम कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड, दो दिल्ली मेट्रो कार्ड और 1,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल फोन के जरिए फर्जी फर्म के जीएसटी रिटर्न भी दाखिल करता था।
बहेड़ी में दुकान किराये पर लेकर बनाई फर्जी फर्म
दूसरा मामला बहेड़ी थाने में दर्ज है। इसमें अग्रवाल प्लाईवुड नाम की फर्म के जरिए फर्जी जीएसटी बिलिंग करने का आरोप है। एसआईटी ने 14 नवंबर को उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी 27 वर्षीय राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने दो साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2020-21 में बहेड़ी में फर्म पंजीकृत कराई थी। इसके लिए दुकान किराये पर ली गई और कार्यालय दिखाने के लिए कुछ कुर्सियां रख दी गईं।
पंजीकरण के 10 दिन बाद ही खाली कर दी दुकान
पुलिस के अनुसार, जीएसटी पंजीकरण मिलने के आठ से दस दिन बाद ही आरोपियों ने दुकान खाली कर दी। इसके बाद वहां कोई वास्तविक कारोबार नहीं किया गया। राहुल ने पूछताछ में बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए उत्तराखंड के बजाय बरेली में फर्म पंजीकृत कराई गई थी। इसके बाद रुद्रपुर और किच्छा में बैठकर फर्जी बिल तैयार किए जाते थे।
फर्जी बिलों के बदले मिलता था कमीशन
पुलिस के मुताबिक, राहुल और उसके साथी बिना माल की खरीद-बिक्री किए बिल और ई-वे बिल तैयार करते थे। इन दस्तावेजों के जरिए दूसरी फर्मों को टैक्स क्रेडिट पास ऑन किया जाता था। इसके बदले राहुल को कमीशन मिलता था। आरोपी ने बताया कि फर्म में उसका पैन कार्ड लगा था, जबकि मोबाइल नंबर उसके पिता के नाम पर लिया गया था। ईमेल आईडी उसके एक साथी ने तैयार की थी।
कानपुर के बैंक खाते का भी आया कनेक्शन
जांच में अग्रवाल प्लाईवुड के नाम पर आईसीआईसीआई बैंक की कानपुर शाखा में खाता होने की जानकारी सामने आई है। राहुल के मुताबिक, खाते में उसके साथी का मोबाइल नंबर लिंक था और बैंक से जुड़े दस्तावेज भी उसी के पास थे। आरोपी ने बताया कि करीब तीन साल पहले जीएसटी विभाग ने फर्म बंद कर दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से सैमसंग जेड फोल्ड-7 मोबाइल और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।
एसआईटी ने दो दिन में दबोचे दो आरोपी
दोनों गिरफ्तारियां पुलिस अधीक्षक अपराध एवं प्रभारी जीएसटी एसआईटी के पर्यवेक्षण में की गईं। कार्रवाई का नेतृत्व कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक एवं मुख्य विवेचक संजय कुमार धीर ने किया। पहली टीम में उपनिरीक्षक मयंक भारद्वाज, अंकुर तोमर, हेड कांस्टेबल अर्पित चतुर्वेदी और कांस्टेबल रियाज अली शामिल रहे। दूसरी टीम में उपनिरीक्षक राजू कुमार, कांस्टेबल आर्विश मान और मोहम्मद शाहदत रिजवी शामिल थे।
धोखाधड़ी और जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमे
दीपांशु के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा संख्या 1305/2025 और राहुल के खिलाफ बहेड़ी थाने में मुकदमा संख्या 82/2026 दर्ज है। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और जीएसटी अधिनियम की धारा 132 के तहत कार्रवाई की गई है।




