Social

चौपुला पर डॉक्टर की पत्नी का मोबाइल छीनकर भागा स्कूटी सवार बदमाश, अटल सेतु पर चढ़कर हुआ फरार

बरेली। शनिवार सुबह चौपुला के पास मंदिर के निकट स्कूटी सवार बदमाश ने डॉक्टर की पत्नी के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और अटल सेतु पर चढ़कर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाते हुए बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह भीड़ में गायब हो गया। बदमाश ने अपनी स्कूटी की नंबर प्लेट पर काला टेप लगा रखा था।

बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रही थीं श्रद्धा शर्मा

क्यारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. तरुण शर्मा जीजीआईसी के पीछे रहते हैं। उनकी पत्नी श्रद्धा शर्मा शनिवार सुबह अपने बेटे को रामपुर बाग स्थित स्कूल छोड़ने गई थीं। वहां से स्कूटी से घर लौटते समय पटेल चौक से चौपुला की ओर जाने वाले रास्ते पर मंदिर के पास यह घटना हो गई।

पीछे से आया और झपट लिया मोबाइल

श्रद्धा शर्मा के मुताबिक, वह रास्ते से गुजर रही थीं, तभी पीछे से सफेद स्कूटी पर सवार एक युवक आया और उनके हाथ से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर भाग निकला। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाश का पीछा किया, लेकिन युवक ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी।

अटल सेतु से सिटी सब्जी मंडी की ओर भागा

मोबाइल छीनने के बाद बदमाश अटल सेतु पर चढ़ गया और दूसरी तरफ सिटी सब्जी मंडी की ओर उतरकर भीड़ में गायब हो गया। महिला के मुताबिक, युवक ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। चेहरे पर काला मास्क था और उसके बाल कटोरा कटिंग में थे। स्कूटी भी सफेद रंग की थी, जिसकी नंबर प्लेट पर काला टेप चिपका हुआ था।

कैमरों के बावजूद नहीं पकड़ में आया बदमाश

घटना के बाद शहर की यातायात व्यवस्था और कैमरों की निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। छोटी-छोटी गलतियों पर वाहन चालकों के चालान काटने वाली व्यवस्था के बीच नंबर प्लेट पर काला टेप लगाकर घूम रहा बदमाश वारदात को अंजाम देकर निकल गया। श्रद्धा शर्मा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। अब पुलिस से बदमाश की पहचान कर मोबाइल बरामद करने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button