National

मायावती के भतीजे आकाश की शादी डॉ. प्रज्ञा के साथ लिए सात फेरे, फूलों से बनाया गया हाथी; 29 मार्च को नोएडा में रिसेप्शन

BSP सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद शादी के बंधन में बंध गए। रविवार रात गुरुग्राम के ए-डॉट कंवेंशन में आयोजित समारोह में उन्होंने डॉक्टर प्रज्ञा के साथ सात फेरे लिए। कार्यक्रम में मायावती भी शामिल हुईं। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम स्थल पर फूलों से हाथी का स्टैच्यू बनाया गया था। 29 मार्च को नोएडा में आकाश-प्रज्ञा का रिसेप्शन होगा।

बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश की शादी में कई VVIP पहुंचे। इनमें पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, बसपा महासचिव सतीश मिश्रा, हरियाणा बसपा के अध्यक्ष एडवोकेट गुरमुख सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता हैं।

MBBS पास प्रज्ञा ने सरकारी नौकरी से दिया इस्तीफा
आकाश की दुल्हन डॉ. प्रज्ञा पूर्व राज्यसभा सदस्य और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव अशोक सिद्धार्थ की बेटी हैं। वह फर्रुखाबाद के कायमगंज की रहने वाली हैं। प्रज्ञा पेशे से MBBS डॉक्टर हैं। हाल ही में उन्होंने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दिया है। वह अभी MD का कोर्स कर रहीं हैं।

प्रज्ञा के पिता अशोक सिद्धार्थ कन्नौज के गुरुसहायगंज में CHC पर नेत्र परीक्षण अधिकारी के पद पर तैनात थे। साल 2008 में उन्होंने नौकरी से VRS ले लिया था। फिर बसपा के साथ सक्रिय तौर पर जुड़ गए। बसपा की सरकार बनी, तो मायावती ने उन्हें बैकवर्ड कमीशन का सदस्य बनाया था।

शादी के कार्ड में छपी थी महात्मा बुद्ध की तस्वीर
आकाश आनंद की शादी के कार्ड की तस्वीरें भी सामने आई थीं। कार्ड पर महात्मा बुद्ध की तस्वीर बनी थी। कार्ड में सबसे पहले मायावती का नाम था। इसके बाद आकाश के परिवार और फिर प्रज्ञा के परिवार के नाम लिखे गए। हल्दी-मेहंदी और संगीत की रस्में 25 मार्च को गुरुग्राम में ही हुई थीं

2009 में MLC फिर बसपा से राज्यसभा गए
अशोक सिद्धार्थ को 2009 में मायावती ने MLC बनाया। 2016 में उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया गया। अभी वह राष्ट्रीय महासचिव होने के साथ ही कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली व गुजरात के प्रभारी हैं। अशोक सिद्धार्थ चार भाई हैं। सबसे बड़े भाई नानक राम घर पर रहते हैं। दूसरे नंबर के डॉ. अनिल कुमार लखनऊ के दीनबंधु हॉस्पिटल में तैनात हैं। तीसरे नंबर पर अशोक सिद्धार्थ फिर सुनीत सिद्धार्थ हैं। अशोक सिद्धार्थ के एक बेटी प्रज्ञा और एक बेटा है

मायावती के साथ दुल्हन प्रज्ञा। इस दौरान बसपा सुप्रीमो काफी खुश नजर आईं। उन्होंने काफी देर तक प्रज्ञा से बातचीत की।

शादी में फूलों से हाथी की आकृति बनाई गई। हाथी, बसपा का चुनाव चिन्ह है। मायावती के घर, बसपा कार्यालय पर भी हाथी का स्टैच्यू लगा है।

Related Articles

Back to top button
Event Services