ममता बनर्जी के अहंकार का हुआ अंत, जनता को मिली राहत : गौरव गौतम

भाजपा की बंपर जीत पर हरियाणा के खेल मंत्री की प्रतिक्रिया, विकास और सुशासन की राजनीति पर जताया भरोसा
गौरव गौतम ने भारत के पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत पर खुशी जाहिर करते हुए इसे जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता के भरोसे की पुष्टि करता है।
गौरव गौतम ने कहा कि इन राज्यों में मिली सफलता यह दर्शाती है कि जनता अब जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

खेल मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह परिणाम ममता बनर्जी के अहंकार का अंत है और पश्चिम बंगाल की जनता को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता लंबे समय से बदलाव चाहती थी और अब लोगों ने स्पष्ट रूप से विकास, सुशासन और सुरक्षा के पक्ष में जनादेश दिया है।
गौरव गौतम ने तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि अब ऐसे गुनहगारों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी राजनीतिक हिंसा करने का साहस न कर सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकारें इन राज्यों में पारदर्शिता, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देंगी तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जनादेश देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।भाजपा की इस जीत को देश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जो आने वाले समय में नए सियासी समीकरण तय कर सकता है।




