विराजे गजानन, मोदक का भोग लगा मांगी समृद्धि

गणेश उत्सव के रंग में रंगी नाथ नगरी, पंडालों में सुबह से ही तैयारियों में जुटे रहे भक्त, लोगों में दिखा उत्साह का माहौल
बरेली, संवाददाता। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को नाथ नगरी गणेश भक्ति में डूबी नजर आई। बप्पा के स्वागत में भक्तों ने घरों और पंडालों में सजावट कर विशेष तैयारियां कीं। विधि-विधान से पूजन और आरती के बाद गणपति बप्पा की स्थापना की गई। गणपति प्रतिमाओं की स्थापना से पहले शहर में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। रथ पर सवार होकर बप्पा नगर भ्रमण को निकले तो रास्ते भर श्रद्धालुओं ने जयघोष और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु झूमते-नाचते चल रहे थे। इस दौरान पूरा मार्ग गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में बच्चे, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में शामिल रहे। नगर भ्रमण के बाद गणपति प्रतिमाओं को सजे हुए पंडालों में ले जाया गया। यहां विधि-विधान से पूजन और आरती के बाद बप्पा की स्थापना की गई। कई भक्तों ने घरों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की और बप्पा से परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की।
सिविल लाइंस से निकली भव्य शोभायात्रा
गणेश उत्सव समिति की ओर से सोमवार को ढोल-नगाड़ों के साथ श्री गणेश भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर शिवाजी मार्ग, मठकी राधाकृष्ण मंदिर, मारवाड़ीगंज होते हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में गणेश भक्तों ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ का जयघोष किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बप्पा का स्वागत किया।
ढोल-नगाड़ों से हुआ बप्पा का स्वागत
बरेली। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में शाम 5:30 बजे गणपति बप्पा की अर्चना कर 23वीं शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा बजरिया पूरनमल, नीम की चढ़ाई, बड़ा बाजार एवं कटरा मानराय होते हुए श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पर संपन्न हुई। महिलाएं कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। जगह-जगह व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा का पंडाल में आगमन कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, समिति अध्यक्ष प्रमोद श्रीवास्तव, प्रदीप शिंघल, संदीप सक्सेना, विशाल श्रीवास्तव, अतुल शिंघल, रोहित श्रीवास्तव और अमन आदि मौजूद रहे।
सात फीट ऊंची गणेश प्रतिमा की स्थापना
बरेली। बिहारीपुर खत्रियान दरगइया गली स्थित श्री शिव शक्ति दुर्गाजी धाम मंदिर पर 32वें श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर गणपति महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल व प्रशांत पटेल ने भगवान श्री गणेश जी की आरती उतारी। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा व जलपान की व्यवस्था की गई। निरंजन तिवारी ने पूजन कर विधि-विधान से कार्यक्रम संपन्न कराया। इस दौरान भक्तों को छोटी-छोटी गणेश प्रतिमाएं भी वितरित की गईं।
शोभायात्रा में विकास मेहरोत्रा, विवेक कक्कड़, अमित अरोड़ा, मुनीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
Advertisements……





