नियुक्ति पत्र मिला तो छलकी खुशी, अपनी कहानी बताते हुए रुंधा युवाओं का गला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 11 अभ्यर्थियों को मंच पर मिला नियुक्ति पत्र
किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद, तो किसी को बच्चे के भविष्य की चिंता से मिली राहत
लखनऊ, 28 सितंबर। वर्षों की मेहनत और इंतजार के बाद जब सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र हाथ में आया तो कई अभ्यर्थियों की आंखें खुशी से नम हो गईं। किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जगी तो किसी को अपने बच्चे के भविष्य की चिंता से राहत मिली। अपनी संघर्ष यात्रा और नौकरी मिलने की खुशी साझा करते हुए कई अभ्यर्थी भावुक हो गए और बोलते-बोलते उनका गला रुंध गया।
मौका था सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने इनमें से 11 नवचयनित अभ्यर्थियों को मंच पर प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी संघर्ष यात्रा और पारिवारिक परिस्थितियों को साझा किया। उन्होंने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
ससुराल की पहली महिला बनीं सरकारी कर्मचारी
लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने ससुराल की पहली महिला हैं, जिन्हें सरकारी सेवा में जाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें अपने और परिवार के भविष्य को लेकर चिंता रहती थी। सरकारी नौकरी मिलने के बाद उन्हें भविष्य के प्रति नई उम्मीद और आत्मविश्वास मिला है।
श्रुति ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति उनके लिए केवल नौकरी नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य को लेकर एक बड़ा भरोसा है।
किसान परिवार के आदित्य को प्रदेश सेवा का अवसर
कुशीनगर के आदित्य सिंह किसान परिवार से आते हैं। सरकारी सेवा में चयन को उन्होंने अपने लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें प्रदेश की सेवा करने का मौका मिलेगा। आदित्य ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
परिवार की परिस्थितियां बदलने की उम्मीद
गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं है। सरकारी नौकरी मिलने से उन्हें जनसेवा करने के साथ-साथ अपने परिवार की परिस्थितियों को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
अपनी बात रखते हुए ब्यूटी भावुक हो गईं और उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय की मेहनत के बाद मिली यह नौकरी उनके और उनके परिवार के लिए नई शुरुआत है।
इन 11 अभ्यर्थियों को मंच पर मिला नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वाले 11 अभ्यर्थियों में प्रयागराज के आशुतोष त्रिपाठी, आगरा के ओम बघेल, गाजीपुर के प्रवीण कुमार, प्रतापगढ़ की सुधा, कुशीनगर के आदित्य सिंह, हमीरपुर की नेहा देवी, फतेहपुर की रूपाली गुप्ता, लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव, गोरखपुर की ब्यूटी शाही, गाजीपुर के शुभम कुमार और प्रतापगढ़ के अमित कुमार सिंह शामिल रहे।
10 दिन में 6,672 युवाओं को नियुक्ति पत्र
सरकार के मिशन रोजगार के तहत 19 से 28 सितंबर के बीच यह चौथा बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम रहा। इस अवधि में विभिन्न विभागों में चयनित कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
इससे पहले 19 सितंबर को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, आयुष, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग से जुड़े अभ्यर्थी शामिल थे।
इसके बाद 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।
शिक्षा विभाग में 3,567 को मिली नियुक्ति
22 सितंबर को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित 3,567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें 1,090 महिलाएं और 2,477 पुरुष शामिल थे। चयनित अभ्यर्थियों को प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक के पदों पर नियुक्ति मिली।
सोमवार को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने के साथ ही 19 से 28 सितंबर के बीच आयोजित चार बड़े नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रमों में कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिल चुका है।
इन नियुक्ति कार्यक्रमों के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। कई युवाओं ने सरकारी सेवा में चयन को अपने परिवार के लिए आर्थिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
Advertisements…..





