चार साल से रिजल्ट लंबित, आयुर्वेद विश्वविद्यालय में छात्रों का उग्र प्रदर्शन

देहरादून, 31 जुलाई। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के हर्रावाला परिसर में बीएएमएस छात्रों ने चार वर्षों से परीक्षा परिणाम घोषित न होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर कई छात्र परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से परीक्षा परिणाम जारी न होने के कारण उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य भी अनिश्चितता में है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द परिणाम घोषित करने और लंबित शैक्षणिक प्रक्रियाओं को पूरा करने की मांग की।
सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा छात्रों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य करने की कोशिश की गई।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही परीक्षा परिणाम जारी नहीं किए गए तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि लंबित परिणामों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
Advertisement…..





