State NewsUttar Pradesh

कांवड़ यात्रा-उर्स को लेकर हाई अलर्ट, एडीजी के सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रिजवी को लेकर हाई अलर्ट: एडीजी ने दिए सख्त निर्देश, सुरक्षा-ट्रैफिक का फुलप्रूफ प्लान तैयार

बरेली। आगामी कांवड़ यात्रा एवं उर्स-ए-रिजवी के मद्देनज़र बरेली रेंज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दोनों आयोजनों के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी, प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा भीड़ प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया।

एडीजी ने कांवड़ मार्गों, उर्स स्थल और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निगरानी तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं और जायरीन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का अनुसरण करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोनों धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button