लखनऊ में HCL आईटी सिटी के 10 साल पूरे, 500 करोड़ के विस्तार का ऐलान

लखनऊ, 6 अक्टूबर। HCL आईटी सिटी ने लखनऊ में अपने संचालन के 10 वर्ष पूरे कर लिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और HCLTech चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा की मौजूदगी में कंपनी ने 500 करोड़ रुपये के विस्तार की घोषणा की।
प्रस्तावित विस्तार के तहत करीब 9.5 लाख वर्ग फुट नई क्षमता विकसित की जाएगी, जिससे लगभग 4,500 टेक प्रोफेशनल्स के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे। HCLTech ने वित्त वर्ष 2026-27 में उत्तर प्रदेश के 1,000 छात्रों को AI और उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में HCL-GUVI इमर्जिंग टेक्नोलॉजी सेंटर की शुरुआत की गई। कंपनी के मुताबिक लखनऊ स्थित केंद्र में 12,500 से अधिक लोग कार्यरत हैं और यह 150 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों को सेवाएं प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने HCLTech के निवेश और कौशल विकास प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लखनऊ की AI सिटी प्रदेश के तकनीकी विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। रोशनी नादर ने उत्तर प्रदेश को HCL Group की जन्मभूमि और कर्मभूमि बताते हुए राज्य में तकनीक आधारित विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
Advertisements…..





