रामलीला मेले का भव्य शुभारंभ, सपा के पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने किया उद्घाटन

पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के नगर पंचायत जहानाबाद स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में लगने वाले रामलीला मेले का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, युवाओं को नशे से दूर रखने और प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में हेमराज वर्मा ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब प्रभु श्रीराम का राजतिलक होने जा रहा था, तभी उन्हें 14 वर्ष के वनवास का आदेश मिला। उन्होंने बिना किसी नाराजगी या मायूसी के पिता के आदेश का पालन किया और वनवास के लिए चले गए।
उन्होंने कहा कि आज राजनीति में किसी को विधायक बनने का अवसर मिले, चुनाव लड़ना हो, टिकट न मिले या चुनाव में हार का सामना करना पड़े, तो चेहरे पर मायूसी दिखाई देने लगती है। हमें भगवान श्रीराम के जीवन से धैर्य, त्याग और मर्यादा की सीख लेनी चाहिए।
युवाओं को नशे से दूर रखना सबसे बड़ा काम
पूर्व राज्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को नशे की लत से बचाने में सफल हो गए, तो यह जीवन का सबसे बड़ा कार्य होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्कूल बंद करने और शराब की दुकानें खोलने पर उठाए सवाल
हेमराज वर्मा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ उत्तर प्रदेश में स्कूल बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जगह-जगह शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने ऐसे निर्णयों का विरोध करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार जनता से है, जनता सरकार से नहीं। इसलिए जनता को सरकार के गलत फैसलों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने भी हमें गलत कार्यों का विरोध और अच्छे कार्यों का समर्थन करने की सीख दी है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
पहली बार मेले के उद्घाटन का मिला अवसर
हेमराज वर्मा ने कहा कि जहानाबाद के इस ऐतिहासिक रामलीला मेले में अब तक वह बाहर से आते रहे हैं, लेकिन पहली बार उन्हें मेले का शुभारंभ और उद्घाटन करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से इस मेले का आयोजन होता आ रहा है और यह क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भगवान श्रीराम की महिमा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु के आशीर्वाद से ही हनुमान जी विशाल पर्वत उठा सके और समुद्र में पत्थर तक तैरने लगे। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि मेले में अब तक कई लोग आए और अनेक वादे करके चले गए, लेकिन वह यहां कोई वादा करने या किसी पर टिप्पणी करने नहीं आए हैं। उनका उद्देश्य केवल इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होना और सभी के जीवन में खुशहाली की कामना करना है।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला मेले के शुभारंभ को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
Advertisements….





