State NewsUttar Pradesh

दीपोत्सव-2026: अयोध्या के लिए यूपीएसटीडीसी का खास टूर पैकेज

30 लाख दीयों का प्रज्ज्वलन, 2,100 ड्रोन से भव्य शो और 2,100 बटुकों की सरयू आरती का मिलेगा अवसर

अयोध्या दर्शन, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल होंगे प्रमुख आकर्षण

लखनऊ, 28 सितंबर 2026। दीपोत्सव-2026 में जगमगाने वाली रामनगरी की भव्यता को करीब से देखने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) ने देश-दुनिया से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष ‘दीपोत्सव अयोध्या’ टूर पैकेज तैयार किया है। दो रात और तीन दिन के इस विशेष पैकेज के तहत पर्यटक 6 से 8 नवंबर तक अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करने के साथ दीपोत्सव की भव्यता का अनुभव कर सकेंगे।

इस पैकेज की खासियत यह है कि पर्यटक लाखों दीयों से सजी रामनगरी की दिव्य आभा के साथ प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। यदि कोई यात्री अयोध्या में अतिरिक्त दिनों तक ठहरना चाहता है तो पैकेज को अपनी आवश्यकता के अनुसार कस्टमाइज भी कराया जा सकेगा।

30 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी

दीपोत्सव-2026 को इस बार कई मायनों में खास बनाया जा रहा है। रामनगरी में 30 लाख दीयों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही 2,100 ड्रोन आसमान में विभिन्न भव्य आकृतियां उकेरेंगे। सात नवंबर को दीपोत्सव के दिन होने वाले ड्रोन शो के अलावा नौ नवंबर यानी दीपावली के अगले दिन भी दर्शकों को ड्रोन शो देखने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा 2,100 बटुकों की सामूहिक सरयू आरती, 240 से अधिक मंदिर-मठों में दीप प्रज्ज्वलन, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो समेत कई कार्यक्रम दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे।

यूपीएसटीडीसी ने इस विशेष टूर पैकेज की कीमत 16,999 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की है। पैकेज को महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल सहित देश के अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

श्रीराम से जुड़े आस्था स्थलों का भ्रमण

विशेष टूर पैकेज में ट्विन-शेयरिंग आधार पर होटल में ठहरने, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भोजन और एसी वाहन से परिवहन की सुविधा शामिल है। पर्यटकों को भगवान श्रीराम से जुड़े प्रमुख धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विशेष टूर पैकेज के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराने के साथ दीपोत्सव की भव्यता का प्रत्यक्ष अनुभव कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने वाले ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान को भी बल मिलेगा।

उन्होंने बताया कि दीपोत्सव-2026 के दौरान पर्यटकों को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, सरयू पर नए घाट, एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट जैसे नए आकर्षण देखने को मिलेंगे। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट के साथ गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण तथा उधैला झील में ईको-टूरिज्म विकास भी पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर करेगा।

पहले दिन रामनगरी के प्रमुख स्थलों का भ्रमण

‘दीपोत्सव अयोध्या’ टूर पैकेज के पहले दिन पर्यटकों के रामनगरी पहुंचने और होटल में प्रवेश के बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन कराए जाएंगे।

शाम को पर्यटक सरयू आरती में शामिल होंगे। इसके बाद रोशनी से जगमगाती राम की पैड़ी का मनोहारी दृश्य देखने का अवसर मिलेगा। रात में अयोध्या में ही ठहरने की व्यवस्था रहेगी।

दूसरे दिन दीपोत्सव बनेगा मुख्य आकर्षण

दूसरे दिन की शुरुआत होटल में नाश्ते के बाद नागेश्वर नाथ मंदिर के दर्शन से होगी। इसके बाद पर्यटकों को सीता की रसोई सहित अयोध्या के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

दिन का मुख्य आकर्षण दीपोत्सव के अवसर पर सजी-संवरी रामनगरी होगी। पर्यटक दीयों से जगमगाते अयोध्या के घाटों और सड़कों के साथ भव्य दीप प्रज्ज्वलन और विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का अनुभव कर सकेंगे।

लाखों दीयों की रोशनी के बीच आयोजित होने वाला दीपोत्सव इस विशेष टूर पैकेज का प्रमुख आकर्षण होगा।

तीसरे दिन सुखद यादों के साथ यात्रा का समापन

टूर पैकेज के तीसरे और अंतिम दिन की शुरुआत होटल में नाश्ते के बाद मंदिर दर्शन से होगी। इसके बाद पर्यटकों को अयोध्या के स्थानीय बाजारों में खरीदारी का अवसर मिलेगा।

स्थानीय बाजारों के भ्रमण के बाद पर्यटकों की तीन दिवसीय अयोध्या यात्रा का समापन होगा। इस तरह यूपीएसटीडीसी का यह विशेष पैकेज श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक दर्शन के साथ अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत और दीपोत्सव की भव्यता को करीब से अनुभव करने का अवसर उपलब्ध कराएगा।

Advertisements….

Related Articles

Back to top button