गोरखपुर को CM योगी की सौगात, 3.09 करोड़ के कल्याण मंडपम का लोकार्पण आज

अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों को मांगलिक आयोजनों के लिए मिलेंगी रियायती दर पर सुविधाएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुरवासियों को 3.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कल्याण मंडपम की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री अपनी विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा निर्मित इस कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। मंडपम में अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों को शादी-विवाह और अन्य पारंपरिक व मांगलिक आयोजनों के लिए रियायती दर पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
2461 वर्गमीटर में हुआ निर्माण
कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर किया गया है। दो मंजिला इस भवन में करीब 300 लोगों के बैठने की क्षमता है। परिसर में बड़े हॉल के साथ किचन, स्टोर, ऑफिस और चेंज रूम की सुविधा उपलब्ध है। दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं।
पार्किंग, लॉन और फव्वारे की सुविधा
मंडपम परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स से पार्किंग विकसित की गई है। इसके अलावा आकर्षक लॉन और फव्वारे की भी व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक और किफायती स्थान उपलब्ध कराना है।
गोरखपुर में अब तक सात मंडपम का लोकार्पण
गोरखपुर में इससे पहले सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर के कल्याण मंडपम शामिल हैं। बशारतपुर के मंडपम का लोकार्पण 29 अगस्त को हुआ था। बुधवार को मुख्यमंत्री आठवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे।
दो और कल्याण मंडपम का निर्माण जारी
GDA की ओर से शहर में दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी कराया जा रहा है। इनके तैयार होने के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को मांगलिक आयोजनों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकेंगी।
IMA के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को तारामंडल क्षेत्र में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को रक्त संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
Advertisements……





