Uttar Pradesh

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया रूद्राभिषेक, लगाए हरिशंकरी के पौधे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भले ही नाथ परंपरा के पालन के क्रम में अपनी जन्मदिन नहीं मनाते लेकिन उनके चाहने वाले विश्व पर्यावरण के दिन उनका जन्मदिन मनाते हैं। सीएम ने इस अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर जन कल्याण की कामना की।

चार दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में रूद्राभिषेक कर जनकल्याण की कामना की। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरिशंकरी ( बरगद, पीपल, पाकड़) का वृक्षारोपण किया।

सीएम ने विधि-विधान से किया रुद्राभिषेक

गोरक्षपीठाधीश्वर व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या हमेशा की तरह सोमवार की सुबह शुरू हुई। सीएम ने गोरखनाथ मंदिर में मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से जन कल्याण के लिए प्रार्थना की।

लगाए गए 51 पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 51वें जन्मदिन पर के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ गो सेवा केंद्र में 51 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरिशंकरी (बरगद, पीपल, पाकड़ ) का वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मंत्री वन, वन्य जीव एवम पर्यावरण डॉ अरुण कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव वन एवम पर्यावरण श्री मनोज सिंह, सचिव पर्यावरण श्री आशीष तिवारी, मुख्य वन संरक्षक गोरखपुर भीम सिंह, प्रभागीय जिला वन अधिकारी श्री विकास यादव एवम विक्रम सिंह उपस्थित रहे।

जनता दर्शन में सीएम ने सुनी लोगों की समस्याएं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर बार की तरह इस बार भी सोमवार की सुबह जनता दर्शन लगाया। इस दौरान अपनी समस्या लेकर आए सैकड़ों लोगों के पास मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र लेते हुए समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान अपने स्वजनों के साथ आए बच्चों को भी सीएम ने दुलारा और चॉकलेट दिया।

Related Articles

Back to top button
Event Services