Uncategorized

आजादी के 80वें वर्ष का जश्न, देशभक्ति के रंग में रंगे बाल गतिविधि केंद्र

बदायूं। समग्र विकास संस्थान के तत्वावधान में कार्यक्षेत्र के ग्राम रसूलपुर नगला, अल्लापुर भोगी एवं मीरासराय में संचालित बाल गतिविधि केंद्रों तथा डिजिटल लर्निंग सेंटर खिरिया रहलू में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रभात रैली निकालकर की गई। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाए और ग्रामीण समुदाय को स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं देशप्रेम का संदेश दिया। प्रभात रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण किया गया।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष राजकुमार शर्मा एवं संस्था समन्वयक श्रीमती साक्षी शर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए शिक्षा, अनुशासन, समानता, आपसी सहयोग और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद बाल गतिविधि केंद्रों पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन हुआ। बच्चों ने देशभक्ति कविताएं, गीत, नृत्य और भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को संस्था अध्यक्ष एवं संस्था समन्वयक द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, डिजिटल लर्निंग सेंटर में अध्ययनरत बच्चों को CCA कोर्स के प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

संस्था के साथियों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में देशप्रेम, सामाजिक सहभागिता, आपसी सहयोग, समानता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान बाल गतिविधि केंद्रों पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा। अंत में बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया, जिसे पाकर उनमें विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।

Advertisements….

 

Related Articles

Back to top button