Uttar Pradesh

बाइक सवार बदमाशाें ने लूटा ट्रांसपोर्टर, गले पर चाकू रखकर ले गए नकदी, शाेर मचाने पर बची जान

आगरा में खंदौली के गांव सैमरा में शुक्रवार की रात बाइक सवार छह युवकों ने ट्रांसपोर्टर को घेर लिया। उनकी गर्दन पर चाकू लगा मोबाइल, 80 हजार रुपये लूट लिया। विराेध करने पर तमंचा तान गोली मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर पास के घर में रहने वाले लोगों को आता देख आरोपित भाग गए। ट्रांसपोर्टर ने मामले में खंदौली थाने में तहरीर दी है।

छह युवकों ने रोका और करने लगे झगड़ा

घटना शुक्रवार की रात 12 बजे की है। गांव सैमरा निवासी अजय चौहान का टीपी नगर में ट्रांसपोर्ट कारोबार है। अजय ने बताया कि वह शुक्रवार की रात करीब 12 बजे ट्रांसपोर्ट नगर से बाइक पर घर आ रहे थे।खंदौली-सैमरा मार्ग पर बाइक सवार छह युवकों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। उन पर ओवरटेक करते समय टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए झगड़ा करने लगे।  

दो युवकों ने चाकू लगाकर लूटा

इस बीच दो युवकों ने उन्हें दबोच लिया। एक ने गर्दन पर चाकू लगा उनसे लूटपाट शुरु कर दी। अचानक हुए घटनाक्रम से वह घबरा गए। युवकों का विरोध किया तो एक ने तमंचा तान दिया। साथियों से कहने लगा कि गोली मारकर मामला खत्म करो। जिससे वह बुरी तरह से दहशत में आ गए। उनके शोर मचाने पर घटनास्थल से कुछ दूर स्थित एक घर के लोग बाहर निकल आए। उन्हें अपनी ओर आता देखकर बाइक सवार वहां से भाग गए। जाते समय उनकी बाइक की चाबी भी निकालकर ले गए।

मामले में पुलिस का कहना है कि ट्रांसपोर्टर ने तहरीर दी है। आरोपितों का पता लगा उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। 

Related Articles

Back to top button
Event Services