अनूप जलोटा और अनुपम कपूर को मिला ‘खत्री जाति रत्न’ सम्मान

बरेली। वरिष्ठ संवाददाता। समस्त खत्री महासभा की ओर से आयोजित ‘खत्री जाति रत्न सम्मान समारोह’ में गायक अनूप जलोटा और सिद्धिविनायक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन अनुपम कपूर को सम्मानित किया गया। दिल्ली के पद्म विभूषण डॉ. अशोक सेठ को भी सम्मान प्रदान किया गया, हालांकि व्यक्तिगत कारणों से वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अनूप जलोटा ने कहा कि समाज के बीच सम्मानित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बरेली से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए सम्मान के लिए महासभा के प्रति आभार जताया।

अनुपम कपूर ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे खत्री समाज और बरेली के लोगों का सम्मान है। उन्होंने समाज और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करने की बात कही।

समस्त खत्री महासभा के अध्यक्ष अनंत अरोड़ा ने कहा कि समाज की भागीदारी के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बरेली शहर की किसी सीट पर समाज को प्रतिनिधित्व देने की मांग की जाएगी।

कार्यक्रम में बरेली के विभिन्न गुरुद्वारों के प्रतिनिधियों, पंजाबी महासभा के सदस्यों तथा रमाडा होटल के एमडी सौरभ मेहरोत्रा, विशाल मेहरोत्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Advertisements….





