पांचवें बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शहरभर में लगे विशाल भंडारे

शहरभर में भंडारे, शरबत वितरण और जलसेवा का आयोजन, बजरंगबली के जयकारों से गूंजा नवाबों का शहर।
लखनऊ, 2 जून 2026। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल के अवसर पर आज राजधानी लखनऊ पूरी तरह बजरंगबली की भक्ति में रंगी नजर आई। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने हनुमान जी का विशेष पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना की।इस वर्ष अधिकमास के कारण ज्येष्ठ माह में कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जिसके चलते पांचवें बड़े मंगल का विशेष धार्मिक महत्व माना जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह बड़ा मंगल अधिक ज्येष्ठ मास का पहला मंगलवार है, इसलिए इस दिन की पूजा का पुण्यफल कई गुना अधिक माना जाता है।
लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को शरबत, ठंडा पानी, फल, पूड़ी-सब्जी और प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह प्याऊ भी लगाए गए, जहां राहगीरों को निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया गया।प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। मंदिर परिसरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धार्मिक विद्वानों के अनुसार पांचवें बड़े मंगल पर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ, राम नाम का जाप तथा हनुमान जी को बूंदी के लड्डू और सिंदूर चढ़ाने का विशेष महत्व है





