वाराणसी में नील रतन पटेल नीलू व्हीलचेयर पर नामांकन करने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी

अपना दल के विधायक रहे नील रतन पटेल नीलू इस बार सेवापुरी से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हैं। गुरुवार को भाजपा से अपना नामांकन करने पहुंचे तो अपने विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि इसी कारण नीति आयोग ने सेवापुरी विकासखंड को आदर्श ब्लॉक बनाने का कार्य किया है। मेरे द्वारा किए गए विकास कार्यों की वजह से ही भारतीय जनता पार्टी ने मुझ पर भरोसा किया और दोबारा प्रत्याशी बनाया है। जनता का मुझे पूरा समर्थन है और पिछली बार की अपेक्षा इस बार मैं ज्यादा मतों से विजई होउंगा।

नील रतन पटेल दोपहर करीब 12:00 बजे अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे। पुलिस ने पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उन्हें बरगद के पास लगी बैरिकेडिंग पर रोक दिया। लेकिन स्वास्थ्य कारणों से मात्र उनकी गाड़ी को अंदर आने दिया गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट के पश्चिमी द्वार से वह व्हील चेयर पर नामांकन करने गए।
दरअसल लंबे समय से इंतजार के बाद भाजपा की ओर से सेवापुरी विधानसभा सीट पर पूर्व में अपना दल और भाजपा के साझा उम्मीदवार रहे नील रतन पटेल नीलू को इस बार भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। इस लिहाज से माना जा रहा था कि अपना दल को ही यह सीट मिलेगी, लेकिन नीलू को भाजपा की ओर से टिकट मिलने के बाद सेवापुरी की सियासी स्थिति में कुछ बदलाव हुआ है।
इंटरमीडिएट तक शिक्षा प्राप्त नीलरतन पटेल ‘नीलू’ वर्ष 1989 में छात्र राजनीति से ही स्व. सोनेलाल पटेल के साथ रहे। वर्ष 1995 से अपना दल की स्थापना के बाद सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वह 2000 में जिला पंचायत सदस्य भी रहे। शाहंशाहपुर निवासी नीलरतन अब खजुरी में हाइवे किनारे आवास और कार्यालय बनाकर निवास कर रहे हैं। गंगापुर विधान सभा से वर्ष 2007 में विधान सभा का चुनाव लड़े किंतु सफलता नहीं मिली। वर्ष 2012 में अपना दल के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन हार गए। 2017 में भाजपा के गठबंधन से नीलरतन को सफलता मिली और सपा के सुरेंद्र सिंह पटेल को हराकर विधायक बने।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601