Uncategorized

रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति की बैठक में कई अहम फैसलों पर मंथन, 291 केंद्रों पर हो रहीं परीक्षाएं

तीन पालियों में 22 जनवरी 2027 तक चलेंगी विषम सेमेस्टर परीक्षाएं, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को दो विषयों में परीक्षा सुधार का अवसर देने पर विचार

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति की बैठक में सेमेस्टर परीक्षाओं के संचालन, परीक्षा सुधार और विद्यार्थियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने ऑनलाइन माध्यम से की। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

291 केंद्रों पर तीन पालियों में परीक्षाएं

बैठक में बताया गया कि विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 291 केंद्रों पर तीन पालियों में आयोजित की जा रही हैं। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे, दूसरी पाली 11:30 से दोपहर 1:30 बजे और तीसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है। 17 नवंबर 2026 से शुरू हुई परीक्षाएं 22 जनवरी 2027 तक चलेंगी। इनमें स्नातक एवं परास्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल हैं।

दो विषयों में परीक्षा सुधार का प्रस्ताव

बैठक में सत्र 2025-26 के वार्षिक पद्धति वाले व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को परीक्षा सुधार का अतिरिक्त अवसर देने पर विचार किया गया। इसके तहत बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम कंप्यूटर, बीएड और बीपीएड के विद्यार्थियों को एक विषय अथवा एक ग्रुप के बजाय दो विषयों या दो ग्रुप में परीक्षा सुधार की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा गया।

नाइजीरियाई छात्र की छूटी परीक्षाओं का मामला उठा

बैठक में व्यवसाय प्रबंधन विभाग के नाइजीरियाई छात्र यूसूफ बाला मुस्तफा की छूटी हुई परीक्षाओं का मामला भी रखा गया। गठित समिति की संस्तुति के आधार पर उसे बीएमएस प्रथम सेमेस्टर की छूटी परीक्षाओं और वर्ष 2027 में तृतीय सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा में शामिल होने की विशेष अनुमति देने के संबंध में विचार किया गया।

बिजनौर के कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेगी अंकतालिका और डिग्री

बैठक में बिजनौर स्थित कृष्णा कॉलेज ऑफ साइंस एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सत्र 2007-08 से जुड़े मामले पर भी चर्चा हुई। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से आवंटित 100 अतिरिक्त सीटों के विद्यार्थियों को अंकतालिका और मूल उपाधि जारी करने की अनुमति प्रदान की गई।

बैठक में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, कुलसचिव महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी महिमा चंद, प्रो. एसके पांडेय, प्रो. ओपी राय, उप कुलसचिव सुनीता यादव, डॉ. हरिकेश यादव और प्रो. अमित सिंह सहित परीक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने निर्धारित कार्यसूची के विभिन्न प्रस्तावों पर अपने विचार रखे।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button