जीआरएम स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, शिक्षकों ने भी मनाया बचपन का जश्न

बरेली। जीआरएम स्कूल की नैनीताल रोड स्थित सीनियर विंग शाखा में 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में स्पोर्ट्स डे का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रुप बी एवं सी के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लड़कियों की 4×50 मीटर रिले दौड़, लड़कों की 4×100 मीटर रिले दौड़ तथा 100 मीटर फर्राटा दौड़ प्रमुख रहीं। इससे पहले लंबी कूद, ऊंची कूद और 200 व 400 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा चुकी थीं। इसके अतिरिक्त कक्षा चार एवं पांच के विद्यार्थियों के लिए बैलेंसिंग द बॉल ऑन द कोन, बैलून बर्स्टिंग विद चेयर और बॉल पिकअप एंड ड्रॉप जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं कराई गईं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शिक्षकों की खेल प्रतियोगिताएं रहीं। पुरुष शिक्षकों के बीच आयोजित रस्साकशी में लाइटनिंग थंडर टीम ने जीत हासिल की, जबकि शिक्षिकाओं की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में शिल्पा वर्मा विजयी रहीं। विद्यालयी संसद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राजेश जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल, प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत एवं जूनियर विंग की समन्वयक डॉ. विनीता सक्सेना ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। स्पोर्ट्स डे का औपचारिक शुभारंभ रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाकर किया गया।
इस अवसर पर आयोजित मॉक प्रार्थना सभा में बच्चों की वेशभूषा धारण कर शिक्षकों ने शानदार एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर नन्हे-मुन्ने बच्चे खूब आनंदित हुए। शिक्षिकाओं की रेट्रो डांस प्रस्तुति और संगीत शिक्षकों सचिन एवं जनार्दन की गायन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राजेश जौली ने अपने संबोधन में बच्चों को बाल दिवस का महत्व बताया तथा उन्हें शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन रुचि अग्रवाल एवं शिल्पी अग्रवाल के निर्देशन में खनक मौर्या और वंशिका यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के क्रीड़ा विभाग का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा अंत में सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई।
Advertisements……





