रूस-भारत संवाद में व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग की नई संभावनाओं पर मंथन

औद्योगिक तकनीक, गैस, मेडिकल उपकरण और बिजनेस सर्विसेज में सहयोग पर जोर; वियतनाम ने व्यापार के साथ संस्कृति और पर्यटन को भी दिया मंच
ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। रूस-भारत के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के लिए विशेष ‘रूस-भारत: व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग में नई संभावनाएं’ विषय पर बिजनेस डायलॉग आयोजित हुआ। वहीं, वियतनाम ने अपने पवेलियन और विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापार, तकनीक, पर्यटन, खान-पान और संस्कृति का व्यापक संगम प्रस्तुत किया। दोनों देशों की भागीदारी ने UPITS-2026 के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को और मजबूत किया।
रूस-भारत व्यापारिक सहयोग पर चर्चा
UPITS-2026 में आयोजित विशेष रूस-भारत संवाद में दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने, नए निवेश अवसर तलाशने तथा औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा हुई।
रूस की ओर से रूसी ट्रेड रिप्रेजेंटेशन इन इंडिया के ट्रेड कमिश्नर आंद्रेई सोबोलेव और डिप्टी ट्रेड कमिश्नर डॉ. येवगेनी ग्रिवा सहित वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संवाद के दौरान दोनों देशों के उद्योगों के बीच सीधे संपर्क बढ़ाने और कारोबार के नए क्षेत्रों की पहचान पर जोर दिया गया।
रूसी प्रतिनिधिमंडल ने UPITS को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं कारोबारी इकोसिस्टम को समझने तथा प्रदेश के उद्यमियों के साथ संभावित व्यावसायिक साझेदारी तलाशने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
औद्योगिक तकनीक से मेडिकल सेक्टर तक सहयोग की संभावनाएं
रूस के साथ संभावित सहयोग के लिए औद्योगिक तकनीक, गैस एवं संबंधित क्षेत्र, प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम और बिजनेस सर्विसेज जैसे क्षेत्रों पर विशेष चर्चा हुई।
रूसी प्रदर्शनी में भी औद्योगिक तकनीक, गैस, लैब एवं डायग्नोस्टिक समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम और बिजनेस सर्विसेज से जुड़े उत्पादों एवं तकनीकी समाधानों को प्रमुखता दी गई।
इन क्षेत्रों में UPITS के माध्यम से उत्तर प्रदेश के हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़े उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय कारोबार और संभावित साझेदारियों के नए अवसर मिले।
संवाद के दौरान भविष्य में संयुक्त कारोबारी अवसरों, तकनीक, उत्पादों और सेवाओं के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
वियतनाम ने व्यापार के साथ पर्यटन और संस्कृति को जोड़ा
UPITS-2026 के पहले दिन वियतनाम की भागीदारी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वियतनाम ने अपने पवेलियन को केवल उत्पाद प्रदर्शनी तक सीमित न रखते हुए व्यापार, निवेश, पर्यटन, संस्कृति और खान-पान को एक साथ प्रस्तुत किया।
वियतनाम के पवेलियन में एविएशन, पर्यटन, हेल्थकेयर, कृषि, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक उत्पाद, फार्मास्युटिकल्स, टेक्सटाइल एवं अपैरल, इलेक्ट्रिक व्हीकल और रिसाइकिल्ड फाइबर सहित विभिन्न क्षेत्रों को प्रदर्शित किया गया।
इससे भारतीय और विदेशी खरीदारों को वियतनाम के विविध कारोबारी एवं औद्योगिक क्षेत्रों को करीब से समझने का अवसर मिला।
‘वियतनाम: इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ कार्यक्रम
वियतनाम की ओर से ‘Vietnam: Innovation Technologies and Tourism’ विषय पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें तकनीकी नवाचार और पर्यटन क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं को कारोबारी अवसरों से जोड़ते हुए भारत और वियतनाम के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
पर्यटन, एविएशन, हेल्थकेयर, कृषि, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य कारोबारी क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर विचार किया गया।
इस कार्यक्रम में वियतनाम के राजदूत त्रिन्ह मिन्ह मन के साथ विभिन्न वियतनामी कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें Vietnam Airlines, Vietjet और Vingroup जैसे प्रमुख कारोबारी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बढ़ाई रौनक
वियतनाम की भागीदारी का एक प्रमुख आकर्षण उसका फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। वियतनामी व्यंजनों के माध्यम से वहां की खाद्य संस्कृति को प्रस्तुत किया गया, जबकि सांस्कृतिक दल की प्रस्तुतियों ने दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर संपर्क और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा दिया।
इस पहल के जरिए व्यापारिक प्रदर्शनी को पर्यटन और संस्कृति से जोड़ा गया। UPITS में आने वाले लोगों को वियतनाम की खान-पान की परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार के लिए मजबूत मंच बना UPITS
रूस और वियतनाम की भागीदारी ने UPITS-2026 को केवल उत्पाद प्रदर्शनी तक सीमित न रखते हुए व्यापार, निवेश, तकनीक, पर्यटन और सांस्कृतिक संवाद के अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में स्थापित किया।
एक ओर रूस के साथ औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई, वहीं दूसरी ओर वियतनाम ने व्यापार को पर्यटन और संस्कृति से जोड़ते हुए अपनी व्यापक आर्थिक क्षमता को प्रदर्शित किया।
UPITS में आयोजित B2B मीटिंग, बिजनेस डायलॉग, कंट्री स्पेसिफिक सेशन और राउंड टेबल चर्चाओं का उद्देश्य विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के बीच सीधे संपर्क को बढ़ाना है।
इससे प्रदेश के MSME, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, युवा उद्यमियों और बड़े उद्योगों को वैश्विक बाजारों में नए साझेदार और कारोबारी अवसर तलाशने का मंच मिल रहा है।
Advertisements…..





