Life Style

अब स्कैमर्स की खैर नहीं! 10 MB में आया Truecaller Lite

फेस्टिव सीजन के व्यस्त माहौल से पहले लॉन्च किया गया ट्रूकॉलर लाइट ऐसे एंड्रॉइड फोन के लिए बना है, जिनमें स्टोरेज और मेमोरी कम होती है। लेकिन इसमें भी वही स्कैम इंटेलिजेंस तकनीक मौजूद है, जिसने 2025 में 68 बिलियन से ज्यादा स्पैम और फ्रॉड कॉल्स की पहचान की थी।

लखनऊ – ट्रूकॉलर ने भारत में अपने नए ऐप, ट्रूकॉलर लाइट के लॉन्च की घोषणा की, जो कम स्टोरेज और मेमोरी वाले एंड्रॉइड फोन पर भी लोगों को कॉल करने वाले की पहचान जानने और अनचाहे कॉल्स को ब्लॉक करने की वही सुरक्षा देता है, जिस पर वे सबसे ज़्यादा भरोसा करते हैं। लगभग 10 MB का यह ऐप कुछ ही पलों में इंस्टॉल हो जाता है, तुरंत खुलता है और 4GB तक RAM वाले फोन में भी बड़े आराम से चलता है।

यह लॉन्च ऐसे वक्त पर हुआ है जब भारत में लोग त्योहारों की खरीदारी में सबसे ज्यादा व्यस्त रहते है, और इसी दौरान फ़र्ज़ी डिलीवरी वाले कॉल्स, बेहद लुभावने ऑफर्स और KYC फ़्रॉड जैसे स्कैम कॉल्स अचानक बढ़ जाते हैं। लाखों लोगों के लिए उनका फ़ोन ही पेमेंट करने, डिलीवरी लेने और अपनों से जुड़े रहने का ज़रिया है, लेकिन अक्सर इन फोन में स्टोरेज की कमी होती है और फिर त्योहारों के दौरान फोटो एवं वीडियो लेने और फॉरवर्ड किए गए मैसेज जमा होने के बाद फोन में स्टोरेज काफी कम रह जाती है। बहुत से यूज़र्स ने ट्रूकॉलर के लाइट वर्ज़न वाले ऐप की माँग की थी, जिसे ध्यान में रखते हुए ट्रूकॉलर लाइट को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि फोन में स्टोरेज कम होने के बावजूद आपकी सुरक्षा हमेशा बनी रहे।

ट्रूकॉलर लाइट किसी भी लिहाज से अपने मुख्य ऐप का कोई छोटा वर्ज़न नहीं है। यह कम मेमोरी और कम प्रोसेसिंग पावर वाले फोन के लिए नए सिरे से तैयार किया गया एक अलग, नेटिव एंड्रॉइड ऐप है। यह ऐप भी ट्रूकॉलर के उसी डेटाबेस और डिटेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल करता है और गोपनीयता के उन्हीं सख्त नियमों का पालन करता है। इसका मतलब यह है कि ट्रूकॉलर लाइट से मिलने वाली स्पैम और फ्रॉड कॉल्स से सुरक्षा बिल्कुल इसके मुख्य ऐप जितनी ही दमदार है।
ट्रूकॉलर लाइट में यूज़र्स इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं:
कॉल उठाने से पहले कॉलर आईडी की मदद से जानें कि कौन कॉल कर रहा है।

ट्रूकॉलर की ग्लोबल कम्युनिटी से मिलने वाले सिग्नल्स की मदद से स्पैम और फ्रॉड कॉल्स को ब्लॉक करें।
इसे अपने फोन के डायलर की तरह इस्तेमाल करें, जिसमें कॉल हिस्ट्री, कॉन्टैक्ट्स और नंबर सर्च की सुविधा एक ही जगह पर मिलती है।
आने वाली और जाने वाली, दोनों तरह की कॉल्स के लिए आफ्टर-कॉल स्क्रीन पर तुरंत देखें कि आपकी अभी किससे बात हुई है।.

ट्रूकॉलर लाइट सिर्फ़ काम के फीचर्स पर ध्यान देने की वजह से बड़े आराम से चलता है। यह बहुत कम स्टोरेज लेता है, कम मेमोरी और डेटा का इस्तेमाल करता है, और फ़ोन में स्पेस कम होने पर भी बहुत अच्छे से काम करता रहता है। ट्रूकॉलर लाइट में मैसेजिंग, वॉइसमेल, फ़ैमिली प्रोटेक्शन और AI असिस्टेंट जैसे फ़ीचर्स नहीं हैं, जिसकी वजह से यह ऐप छोटा और तेज़ बना रहता है।

इस मौके पर ट्रूकॉलर के सीईओ, ऋषित झुनझुनवाला ने कहा, “स्कैम करने वाले यह देखकर कॉल नहीं करते कि आपके पास कौन-सा फोन है, और सुरक्षा भी इस बात पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। मैंने बहुत से लोगों को पुराने या बेसिक एंड्रॉइड फोन में ज्यादा बड़े ऐप्स इस्तेमाल करते वक्त परेशान होते देखा है। इसके अलावा, भारत में बहुत से लोगों ने हमें बताया कि वे ट्रूकॉलर का इस्तेमाल करना चाहते हैं, लेकिन या तो उनके फोन में इसके लिए स्टोरेज की कमी थी या ऐप ठीक से काम नहीं कर रहा था। ट्रूकॉलर लाइट को खास तौर पर ऐसे ही फोन्स के लिए बनाया गया है: यह स्पैम और फ्रॉड कॉल्स से वैसी ही सुरक्षा देता है, लेकिन एक ऐसे छोटे ऐप के रूप में जो आसानी से फोन में आ जाता है और इतना तेज़ है कि आपके फोन पर कोई बोझ नहीं डालता।”
उपलब्धता
ट्रूकॉलर लाइट भारत में गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। यह ऐप 4 GB तक RAM वाले एंड्रॉयड फोन पर भी काम करेगा। इस ऐप को अलग-अलग चरणों में जारी किया जा रहा है और आने वाले हफ्तों में यह सभी उपयुक्त डिवाइस तक पहुँच जाएगा। ट्रूकॉलर लाइट केवल एंड्रॉयड फोन के लिए उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button