यूथ अड्डा का मैस्कॉट ‘उद्यमी बडी’ लॉन्च, युवाओं को मिलेगा उद्यमिता का संदेश

‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ पहल से बेटियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा, सरकारी योजनाओं से जुड़ेंगे युवा
लखनऊ, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयासों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने नवरात्र के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न यूथ अड्डा केंद्रों पर ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट लॉन्च किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को साकार करने, कौशल विकसित करने और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी सहित विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों युवाओं और महिला उद्यमियों ने भाग लिया।
‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ से मिला आत्मनिर्भरता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने सपनों और भविष्य में सीखने वाले कौशल के बारे में जानकारी साझा की। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी रुचि और क्षमताओं को पहचानकर व्यावसायिक विचारों को उद्यम में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना था। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल
युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एमएसएमई विभाग की विभिन्न ऋण एवं सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। यूथ अड्डा के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें स्वयं रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं, बल्कि युवाओं को सपने देखने, नए कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने वाला प्रतीक है।
यूपीकॉन की यह पहल प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
Advertisements……





