सुल्तानपुर हादसा: मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एम्बुलेंस हादसे में चार लोगों की मौत, अधिकारियों को हरसंभव मदद के निर्देश
लखनऊ, 4 अक्टूबर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को हुए दर्दनाक एम्बुलेंस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुल्तानपुर और देवरिया के संबंधित अधिकारियों को मृतकों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने हादसे की जानकारी लेने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से घटना के संबंध में समुचित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस चंडीगढ़ से एक शहीद सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी। एम्बुलेंस में शहीद के परिजन भी मौजूद थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एम्बुलेंस की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में एम्बुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत होने की सूचना है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Advertisements…….





