State NewsUttar Pradesh

बरेली में ‘यूपी राइज’ कार्यक्रम, छात्रों को स्टार्टअप और नवाचार के लिए मिला मंच

बरेली, 21 सितंबर। विद्यार्थियों के नए विचारों को स्टार्टअप और नवाचार के रूप में विकसित करने तथा उन्हें सही दिशा देने के उद्देश्य से इनवर्टिस यूनिवर्सिटी में ‘यूपी राइज: संवाद, संकल्प, सफलता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्टार्टअप शुरू करने, बिजनेस आइडिया विकसित करने, उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में इनवर्टिस यूनिवर्सिटी के 12 इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप ने हिस्सा लिया और विशेषज्ञों एवं मार्गदर्शकों के समक्ष अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों का विशेषज्ञों ने मूल्यांकन किया, जिसके बाद विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।

स्टार्टअप और नवाचार पर हुआ संवाद

कार्यक्रम में स्टार्टअप, नवाचार और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि शशांक शेखर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक, एएफपीआर ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे आने और अपने नए विचारों को सामने रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को यूपी राइज के तहत उपलब्ध विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में सीएसईडी के निदेशक मोहम्मद तल्हा खान ने विद्यार्थियों को अपने विचारों और जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। वहीं, कंटेंट क्रिएटर अमन जिनराल ने विद्यार्थियों को अपने डर से आगे बढ़ने और अपने अच्छे विचारों पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाने पर जोर

‘यूपी राइज 2026’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह अभियान प्रदेश के 25 शहरों के 30 प्रमुख कॉलेजों तक पहुंचने की योजना के तहत चलाया जा रहा है।

बरेली में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. वाईडीएस आर्या सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button