योगी सरकार नागरिक सुरक्षा विभाग में 191 पदों पर करेगी भर्ती

सबसे अधिक सहायक उप नियंत्रक के 104 पद शामिल, छह अलग-अलग पदों पर होगी नियुक्ति
लखनऊ, 17 सितंबर। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। नागरिक सुरक्षा विभाग में छह अलग-अलग पदों पर कुल 191 रिक्तियों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें सबसे अधिक सहायक उप नियंत्रक (सा.वे.) के 104 पद शामिल हैं। विभाग की ओर से जल्द ही इन पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान 19 सितंबर से एक लाख नई नौकरियां उपलब्ध कराने का ऐलान किया था। इसी क्रम में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
छह पदों पर होगी भर्ती
नागरिक सुरक्षा विभाग में कुल 191 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सहायक उप नियंत्रक के 104, भंडार अधीक्षक-द्वितीय के 6, स्टोरमैन के 33, आशुलिपिक के 9, कनिष्ठ सहायक के 25 और डिस्पैच राइडर के 14 पद शामिल हैं।
विभाग की ओर से इन पदों के लिए जल्द विज्ञापन जारी किए जाने की तैयारी है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग को प्रशासनिक और मैदानी स्तर पर अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
सहायक उप नियंत्रक के सर्वाधिक 104 पद
191 रिक्तियों में अकेले 104 पद सहायक उप नियंत्रक के हैं। नागरिक सुरक्षा विभाग आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य करता है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्तियां होने से विभाग के प्रशासनिक और मैदानी कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वहीं, भंडार अधीक्षक-द्वितीय और स्टोरमैन के पद विभाग की सामग्री एवं भंडार व्यवस्था से जुड़े कार्यों के लिए होंगे। आशुलिपिक और कनिष्ठ सहायक कार्यालयी कार्यों के संचालन में सहयोग करेंगे। जबकि डिस्पैच राइडर के पद विभागीय दस्तावेजों और आवश्यक सामग्री के आवागमन से जुड़े कार्यों में उपयोगी होंगे।
छह माह में एक लाख नई नौकरियों का लक्ष्य
योगी सरकार के अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के युवाओं को साढ़े नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार ने अगले छह माह में युवाओं को एक लाख नई नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों को निर्देश दिए हैं।
इनमें 77 हजार भर्तियां यूपी पुलिस और होमगार्ड विभाग में किए जाने की बात कही गई है। इसी क्रम में नागरिक सुरक्षा विभाग के 191 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
Advertisements …..





