State NewsUttar Pradesh

नीट पेपर लीक मामले में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बरेली, 24 जुलाई। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) ने जिला अध्यक्ष आर्येंद्र मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को नीट (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी, बरेली के माध्यम से सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि देशभर के लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और अपने परिवारों के त्याग के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाएं उनकी प्रतिभा और भविष्य के साथ अन्याय हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

मोर्चा ने अपनी 10 प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए उनके इस्तीफे अथवा पदमुक्त किए जाने, पूरे प्रकरण की जांच सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित स्वतंत्र विशेष जांच समिति (SIT) से कराने, पेपर लीक गिरोह, परीक्षा माफिया और भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, दोषियों की संपत्तियां जब्त करने तथा मामलों का विशेष न्यायालयों में शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की।

इसके अलावा संगठन ने पेपर लीक से प्रभावित होकर जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। साथ ही दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, घायल छात्रों के निःशुल्क उपचार एवं आर्थिक सहायता तथा भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आर्येंद्र मिश्रा ने कहा कि देश का युवा केवल निष्पक्ष परीक्षा और न्याय चाहता है। यदि प्रतिभा के स्थान पर पेपर माफिया व्यवस्था पर हावी होंगे तो देश का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में तत्काल कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान महानगर अध्यक्ष एकांश गुप्ता, जिला महासचिव शंभू दत्त पाठक, केशव शंखधार, अक्षय शर्मा, केशव मिश्रा, कीर्ति पाण्डेय, अंजलि शर्मा, रानी पाण्डेय, भगीरथ गोस्वामी, आशीष सक्सेना, सूरज पाण्डेय, अनिल तिवारी, संजीव मिश्रा, हर्ष जायसवाल, सौरभ, सनी चड्ढा, दुष्यंत सिंह, रामप्रकाश, कुसुमलता शर्मा (रानी) सहित राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button