State NewsUttar Pradesh

ललिता गौतम हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भीम आर्मी का धरना

एसएसपी अविनाश पांडेय को बर्खास्त करने और निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बरेली, संवाददाता। मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने तथा न्याय की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन, बरेली के तत्वावधान में दामोदर पार्क में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या अत्यंत दुखद और गंभीर घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है तथा सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक सुनिश्चित नहीं की गई है। वक्ताओं ने कहा कि 8 जुलाई 2026 को मेरठ में न्याय की मांग कर रहे लोगों पर हुए कथित पुलिस बल प्रयोग की भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में ललिता गौतम हत्याकांड की सीबीआई जांच, सभी संदिग्ध आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके साथ ही मेरठ के तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय पर लगे आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर उन्हें जांच पूरी होने तक निलंबित किए जाने तथा आरोप सिद्ध होने पर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि 8 जुलाई के प्रदर्शन के बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाए। साथ ही घायल लोगों को समुचित उपचार एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में दलित एवं वंचित वर्ग की महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने तथा पुलिस अधिकारियों को मानवाधिकार, महिला सुरक्षा एवं अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की भी मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महेन्द्रपाल सागर ने की। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखता है तथा न्याय की लड़ाई पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से जारी रखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।

धरना-प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट, मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, प्रदेश सचिव संजीव सागर, प्रदेश उपाध्यक्ष अच्छन अंसारी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सामाजिक लोग उपस्थित रहे।

Advertisement…

Related Articles

Back to top button