भुवनेश्वर राष्ट्रीय शहरी सेमिनार से लौटीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल

पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय शहरी सेमिनार में सहभागिता करने के बाद वापस लौट आई हैं। 19 एवं 20 जून को आयोजित इस सेमिनार का विषय “सामुदायिक सहभागिता से शहरी सेवाओं को मजबूत बनाकर समावेशी शहरों का निर्माण” था।
सेमिनार में देशभर के जनप्रतिनिधियों एवं शहरी विकास से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश से डॉ. आस्था अग्रवाल के साथ लखनऊ के विधायक नीरज बोरा भी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने भुवनेश्वर स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का भ्रमण कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, घर-घर कूड़ा संग्रहण तथा स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण की आधुनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

दूसरे दिन प्रतिभागियों ने पुरी में संचालित 24×7 पेयजल आपूर्ति परियोजना का अवलोकन किया। वॉटको (WATCO) द्वारा संचालित इस मॉडल में जल शोधन, फिल्ट्रेशन एवं निरंतर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

सेमिनार में समावेशी शहरों के विकास, स्वच्छता, जलापूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, आवास, आजीविका एवं सामुदायिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई तथा विभिन्न शहरों के सफल नवाचार साझा किए गए।

वापसी पर डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि सेमिनार से प्राप्त अनुभव एवं जानकारी पीलीभीत की स्वच्छता, जलापूर्ति और अन्य शहरी सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के सफल मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप लागू करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Advertisement…





