Live Event

विकास नगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा भव्य योग महोत्सव

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में रविवार, 21 जून को एक भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। योग मंत्रा स्टूडियो द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6:00 बजे सिद्धबली हनुमान जी पार्क, सेक्टर-2, विकास नगर में किया जाएगा। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोग भाग लेंगे और अनुभवी योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का अभ्यास करेंगे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। आयोजकों के अनुसार नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।

इस आयोजन में भारत विकास परिषद एवं द गैदरिंग कंपनी का भी सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और बढ़ती उम्र में फिट रहने के उपायों पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। इसके अलावा प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आयामों और उसके वैज्ञानिक लाभों की जानकारी दी जाएगी।

आयोजकों ने लखनऊवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस योग महोत्सव में शामिल होकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाएं। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक लोग निर्धारित समय पर स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योग सत्र का हिस्सा बन सकते हैं।

योग मंत्रा स्टूडियो के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह आयोजन समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्हें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में नागरिक इस कार्यक्रम में भाग लेकर योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button