क्लैट ऑल इंडिया रैंक-1 गीताली गुप्ता ने साझा किए सफलता के मंत्र

टॉपर्स टॉक में एडीशनल डिस्ट्रिक्ट जज योगेन्द्र चौहान ने छात्रों को दिया मार्गदर्शन
लखनऊ, संवाददाता। क्लैट 2026 की ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाली गीताली गुप्ता ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित “टॉपर्स टॉक” कार्यक्रम में छात्रों के साथ अपनी सफलता की रणनीति साझा की। टॉपरैंकर्स द्वारा आयोजित इस विशेष मार्गदर्शन सत्र में विधि प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीशनल डिस्ट्रिक्ट जज, हरदोई योगेन्द्र चौहान, क्लैट 2026 की ऑल इंडिया टॉपर गीताली गुप्ता तथा टॉपरैंकर्स लखनऊ के सेंटर डायरेक्टर विशाल शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि योगेन्द्र चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को विधि एवं न्याय के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता गीताली गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 12वीं की पढ़ाई के साथ-साथ क्लैट जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने छात्रों को परीक्षा की रणनीति, समय प्रबंधन, नियमित मॉक टेस्ट और जनरल नॉलेज की तैयारी के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गीताली ने कहा कि निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
इस अवसर पर क्लैट 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए। लखनऊ के शौर्यवर्धन त्रिवेदी ने बताया कि क्लैट 2025 में अपेक्षित सफलता न मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और एक वर्ष की कड़ी मेहनत के बाद क्लैट 2026 में ऑल इंडिया रैंक 78 प्राप्त कर नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU), बेंगलुरु में प्रवेश हासिल किया।
वहीं अपूर्व श्री ने अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इंजीनियरिंग की तैयारी छोड़कर कानून के क्षेत्र को चुना और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए NLSIU बेंगलुरु में प्रवेश प्राप्त किया। उनकी कहानी ने छात्रों को अपनी रुचि और लक्ष्य के अनुसार करियर चुनने की प्रेरणा दी।
टॉपरैंकर्स लखनऊ के सेंटर डायरेक्टर विशाल शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें भविष्य का सफल विधि पेशेवर बनाना है। उन्होंने बताया कि संस्थान में एनएलयू के पूर्व छात्रों की अनुभवी टीम विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान अवनीश मिश्रा (NLU विशाखापट्टनम) एवं इस्तुवी सोनकर (NLSIU बेंगलुरु एवं सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे) सहित फैकल्टी सदस्यों ने भी छात्रों के प्रश्नों का उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विशेषज्ञों एवं टॉपर्स से संवाद कर CLAT की तैयारी, विधि शिक्षा और करियर अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। आयोजन ने छात्रों को सफलता के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सही दिशा में तैयारी करने का आत्मविश्वास भी प्रदान किया।
Advertisement…..




