State NewsUttar Pradesh

अयोध्या दीपोत्सव में 220 टन रेत से बना भव्य राम दरबार, विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हुई कलाकृति

58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची कलाकृति ने खींचा आकर्षण का केंद्र, उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने की कलाकार मधुरेंद्र कुमार की सराहना

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के अवसर पर सरयू की 220 टन रेत से तैयार भव्य राम दरबार और राम मंदिर की कलाकृति आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गई। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची विशाल रेत कलाकृति तैयार की। इस अनूठी कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इसके लिए डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।

सात दिनों में तैयार हुई भव्य कलाकृति

योगी सरकार के दीपोत्सव आयोजन के तहत इस विशाल कलाकृति का निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू किया गया था, जिसे सात दिनों की मेहनत के बाद 7 नवंबर को पूरा किया गया। सरयू नदी की 220 टन रेत से तैयार राम दरबार और राम मंदिर की यह कलाकृति अपनी भव्यता और बारीक कलात्मकता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने की सराहना

दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भव्य कलाकृति का अवलोकन किया। सभी ने कलाकार मधुरेंद्र कुमार की कला और मेहनत की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कलाकार का उत्साह बढ़ाते हुए ‘वेल डन’ कहकर उनकी प्रतिभा की प्रशंसा की।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी

कलाकार मधुरेंद्र कुमार के अनुसार, यह उनकी पहली और विश्व की सबसे लंबी रेत से निर्मित राम दरबार कलाकृति है। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है। बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी मधुरेंद्र कुमार अब तक 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके नाम 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं।

अयोध्या दीपोत्सव में तैयार यह विशाल कलाकृति भारतीय कला, संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम बनकर सामने आई है।

Advertisements…….

Related Articles

Back to top button