स्कूल चलो अभियान – शिक्षा की ओर बढ़ते कदम

बदायूं, 01 अप्रैल 2026
जनपद बदायूं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम समग्र विकास संस्थान द्वारा विकास खंड उझानी, उसावां एवं जगत में संचालित बाल गतिविधि केंद्रों एवं डीएलसी (डिजिटल लर्निंग सेंटर) के माध्यम से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 06 वर्ष पूर्ण आयु वर्ग के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को विद्यालय में प्रवेश के लाभ, शिक्षा से होने वाले समग्र विकास और भविष्य में मिलने वाले अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान के तहत रैली, जनजागरूकता कार्यक्रम और संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय समुदाय, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बच्चों ने “स्कूल चलो” के नारे लगाते हुए शिक्षा के प्रति उत्साह और जागरूकता का संदेश दिया।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार बनता है और समाज को एक मजबूत दिशा प्रदान करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने में सहयोग करेंगे और शिक्षा के इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।




