‘मोदी की गारंटी पर देश को भरोसा’, यूसीसी पर अमित शाह के बयान का भूपेंद्र चौधरी ने किया स्वागत

महिलाओं के अधिकारों की ढाल बनेगा यूसीसी, भूपेंद्र चौधरी बोले—समान नागरिक संहिता से मजबूत होंगे महिलाओं के अधिकार
लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की घोषणा का उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता को प्रमुखता से शामिल किया था और इसे लागू करने की प्रतिबद्धता पहले ही जाहिर की थी।
संकल्प पत्र में किया था यूसीसी का वादा
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा का संकल्प पत्र 14 अप्रैल 2024 को जारी किया गया था। इसमें स्पष्ट रूप से समान नागरिक संहिता को शामिल करते हुए संविधान के अनुच्छेद 44 के अनुरूप इसे राज्य के नीति निर्देशक तत्वों के तहत लागू करने की बात कही गई थी।
महिलाओं की समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा का मानना है कि समान नागरिक संहिता लागू होने से महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में मजबूती मिलेगी। यूसीसी महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने और समाज में समानता स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश में आधुनिक, प्रभावी और सभी नागरिकों को समान सुरक्षा प्रदान करने वाली व्यवस्था लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। अमित शाह का बयान इसी दिशा में सरकार की मंशा और संकल्प को दर्शाता है।
‘प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर देश को विश्वास’
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वह गृह मंत्री अमित शाह के बयान का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर देश को विश्वास है और केंद्र सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भाजपा ने जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है और समान नागरिक संहिता भी उसी संकल्प का हिस्सा है।
यूसीसी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उनके इस बयान के बाद यूसीसी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इसी क्रम में भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी के रुख को दोहराते हुए इसे महिलाओं के अधिकारों, समानता और न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
Advertisements……..





