प्रधानमंत्री मोदी आज देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

17 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन फ्यूल सेल संचालित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन जींद–सोनीपत रेलखंड पर संचालित होगी और भारतीय रेलवे के हरित एवं स्वच्छ परिवहन अभियान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।
यह हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह भारत में विकसित स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। ट्रेन में हाइड्रोजन फ्यूल सेल के माध्यम से बिजली उत्पन्न होगी, जिससे पारंपरिक डीजल इंजनों की तुलना में प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि संचालन के दौरान कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा और केवल जलवाष्प (Water Vapour) ही उप-उत्पाद के रूप में निकलेगी।

भारतीय रेलवे ने जींद में आधुनिक हाइड्रोजन स्टोरेज एवं रिफ्यूलिंग सुविधा भी स्थापित की है। सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक लीकेज डिटेक्शन सिस्टम, 24×7 निगरानी व्यवस्था तथा प्रशिक्षित तकनीकी टीम तैनात की गई है।
इस परियोजना के साथ भारत जर्मनी, जापान, चीन और अमेरिका जैसे उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने हाइड्रोजन आधारित रेल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह पहल देश के नेट-ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन और स्वच्छ ऊर्जा मिशन को गति देने के साथ-साथ रेलवे के आधुनिकीकरण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के अलावा प्रधानमंत्री हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में लगभग ₹25,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
Advertisement…..





