Uttar Pradesh

मुख्यमंत्री योगी 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोरोना टीके की बूस्टर डोज लगाए जाने में तेजी लाने का निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोरोना टीके की बूस्टर डोज लगाए जाने में तेजी लाने का निर्देश दिया है। यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि एक भी नागरिक टीका कवर से वंचित न रहे। उन्होंने बरसात के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी जरूरी उपाय करने और पूर्वी उप्र के चिकित्सा संस्थानों में डाक्टरों, पैरामेडिक्स, दवाओं आदि की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।

अपने सरकारी आवास पर टीम-9 की बैठक में प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में 120, गाजियाबाद में 49 और लखनऊ में 12 नए कोरोना पाजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इन जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ फेस मास्क की अनिवार्यता को प्रभावी बनाया जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिये लोगों को कोविड प्रोटोकाल के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से कोविड संक्रमण के नए मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस बार कोरोना वायरस कमजोर है। इसका संक्रमण तीव्र नहीं है। वायरस का यह वैरिएंट सामान्य वायरस की तरह ही है। कोविड टीका लगवा चुके लोगों के लिए खतरे की संभावना न्यून है। उन्होंने बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री को बताया गया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 210 नए मामले सामने आए हैं।

इस अवधि में 132 व्यक्ति ठीक भी हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के 1277 सक्रिय केस हैं। बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि राज्य में रविवार तक 31.1 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 12.89 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज दी जा चुकी है। इस प्रकार 87.47 प्रतिशत लोग कोविड टीके की दोनों डोज ले चुके हैं।

15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 94.62 प्रतिशत किशोर कोविड वैक्सीन की पहली और 63.77 प्रतिशत किशोर टीके की दूसरी खुराक प्राप्त कर चुके हैं। 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 42.25 लाख से अधिक बच्चों ने टीके की पहली खुराक प्राप्त कर ली है। 26.93 लाख से अधिक सतर्कता डोज प्रदान की जा चुकी हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button