National

छत्तीसगढ़: भाजपा के नए अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष होंगे अरुण साव, जेपी नड्डा ने की ये घोषणा..

Arun Sao News: छत्‍तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बिलासपुर सांसद अरुण साव होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की। संघ पृष्ठभूमि से आने वाले साव शांत और सौम्य नेता के रूप में पहचान रखते हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में पहली बार बिलासपुर सीट से जीते हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन ने बड़ा फेरबदल किया है। ओबीसी वर्ग से आने वाले अरुण को प्रदेश अध्यक्ष की कमान देकर भाजपा ओबीसी वोटरों को साधने की कोशिश में है।

साव को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपने के पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि वह ओबीसी वर्ग से आते हैं। साथ ही भाजपा प्रदेश के पांचों संभाग में सबसे ज्यादा मजबूत स्थिति में बिलासपुर संभाग में है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष की कमान बिलासपुर के ओबीसी नेता को सौंपी गई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय आदिवासी वर्ग से आते हैं और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आदिवासी विधायक मोहन मरकाम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने क्षेत्रीय संगठन मंत्री के रूप में अजय जामवाल की नियुक्ति की। जामवाल ने तीन दिन में प्रदेश पदाधिकारियों, कोर ग्रुप और विधायक दल की बैठक के बाद एक रिपोर्ट केंद्रीय संगठन को सौंपी थी। इस रिपोर्ट के बाद विष्णुदेव साय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला लिया गया। दिल्ली में भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने अजय जामवाल प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और विष्णुदेव साय के साथ बैठक भी की थी।

विष्णुदेव साय को हटाने पर कांग्रेस ने साधा निशाना

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से विष्णुदेव साय को हटाने पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के दिन भाजपा अध्यक्ष आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को पद से हटाया जाना भाजपा की आदिवासी विरोधी सोच को दर्शाता है।

 

 

Related Articles

Back to top button
Event Services