Uttar Pradesh

कुंडा से पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने दिया बड़ा बयान,कहा -इस बार भी रिकार्ड तोड़ मतों से जीतेंगे हम

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में पांचवें चरण के मतदान के दौरान प्रतापगढ़ के कुंडा से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बड़ा बयान दिया है। कुंडा विधानसभा क्षेत्र से लगातार सातवीं बार चुनाव के मैदान में उतरे रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि इस बार भी रिकार्ड मतों से जीतूंगा।

रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कुंडा में बजरंगबली के मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। इसके बाद परिवार के साथ वोट डाला। राजा भैया कुंडा से लगातार सातवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वह छह बार से निर्दलीय विधायक हैं जबकि सातवीं बार अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से प्रत्याशी हैं। कुंडा में उनके खिलाफ भाजपा, सपा, बसपा तथा कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारे हैं। कुंडा में राजा भैया को दस प्रत्याशी चुनौती दे रहे हैं। कुंडा के विधायक राजा भैया ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सीएम अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रघुराज प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी को इस बार ना जीतने देने की ठान ली है।

मतदान के बाद अपनी जीत के प्रति आश्वस्त रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि पहली बार विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी के प्रत्याशी उतरे हैं। हमको भरोसा है कि हमारे प्रत्याशी 18वीं विधानसभा के सदस्य बनेंगे। राजा भैया ने कहा कि कुंडा से हम डेढ़ लाख से अधिक वोटों से जीतेंगे। यह हम नहीं यहां की जनता कह रही है। उन्होंने बेंती के मतदान केन्द्र पर अपना वोट डाला। इसके बाद कहा कि अपना रिकार्ड तो अपने आप में एक चुनौती है। राजा भैया ने कहा कि लोकतंत्र है और सभी प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्वाचन जनता करती है और जनता ही चुनती है। हर बार रिकॉर्ड तोड़ना तो कुंडा की परंपरा है और वो निर्वहन यहां की जनता करेगी।

इस दौरान राजा भैया के छोटे भतीजे ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर बड़ी टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कौन है मैं उन्हें नहीं जानता। यहां से तो बस हमारे काका साहब जीतेंगे। राजा भैया 1993 से लगातार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर कुंडा विधानसभा सीट से जीत दर्ज करते चले आ रहे हैं। इस बार समाजवादी पार्टी ने राजा भैया के सामने गुलशन यादव को उतारा है।

राजा भैया की बेटी विजय राजेश्वरी ने बताया कि कुंडा में इस बार भी पापा जीतने वाले हैं। इस बार डेढ़ लाख का मार्जिन पार करेंगे। पापा बहुत निश्चित रहे हैं। दूसरी बेटी राघवी ने बताया कि हम लोगों ने साथ में पूजा की और मनाया की सब अच्छा हो, हमेशा हम लोगों को ज्यादा समर्थन मिला है।

Related Articles

Back to top button
Event Services