State NewsUttar Pradesh

दिव्यांग दंपत्तियों को आर्थिक संबल दे रही योगी सरकार की विवाह प्रोत्साहन योजना

9 वर्षों में 6,698 दिव्यांग दंपत्तियों को मिला लाभ, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 18 जोड़ों को सहायता

लखनऊ, 21 सितंबर। दिव्यांगजनों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र दिव्यांग दंपत्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 18 दिव्यांग दंपत्तियों को योजना का लाभ मिल चुका है। इस वित्तीय वर्ष में योजना के लिए 2.64 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 4.55 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता पर लाभ

योजना के तहत न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले पात्र दंपत्तियों को उनकी दिव्यांगता की स्थिति के आधार पर 15 हजार से 35 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। यदि दंपत्ति में युवक दिव्यांग है तो 15 हजार रुपये, युवती दिव्यांग है तो 20 हजार रुपये तथा युवक और युवती दोनों दिव्यांग हैं तो 35 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

ऑनलाइन प्रक्रिया से सीधे खाते में पहुंचती है राशि

शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना का संचालन ऑनलाइन किया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थियों को पीएफएमएस के माध्यम से ई-पेमेंट किया जाता है। इससे सहायता राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई जाती है।

अब तक 6,698 दिव्यांग दंपत्तियों को मिला लाभ

वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक कुल 6,698 दिव्यांग दंपत्तियों को इस योजना के तहत लाभान्वित किया जा चुका है। अकेले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 805 दिव्यांग दंपत्तियों को आर्थिक प्रोत्साहन प्रदान किया गया।

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उप निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने कहा कि शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना दिव्यांगजनों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन के साथ उनके वैवाहिक जीवन में भी आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में दिव्यांग दंपत्तियों को आर्थिक सहायता का लाभ मिल रहा है।

Advertisements…….

Related Articles

Back to top button