नीब करौरी बाबा से जुड़े स्थलों की यात्रा पर 50% तक छूट

विश्व पर्यटन दिवस पर यूपीएसटीडीसी ने शुरू किया तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज
लखनऊ, 18 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा के लिए तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के तहत यह यात्रा 25 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। विशेष पैकेज की कीमत 8,500 रुपये रखी गई है, जबकि इसकी सामान्य कीमत 16,500 रुपये बताई गई है।
यूपीएसटीडीसी के अनुसार, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पैकेज में करीब 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। यात्रा का उद्देश्य नीब करौरी बाबा के जीवन और उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रमुख स्थलों को आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र पर बढ़ावा देना है।

जन्मभूमि से समाधि स्थल तक होगा भ्रमण
तीन दिवसीय यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी। पहले दिन पर्यटकों को फर्रुखाबाद स्थित नीब करौरी बाबा आश्रम और इसके बाद सांकेसा के ऐतिहासिक एवं बौद्ध स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इनमें अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप, प्राचीन अवशेष और मठ शामिल हैं।
दूसरे दिन यात्रा फिरोजाबाद के अकबरपुर गांव पहुंचेगी, जिसे नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली बताया गया है। इसके बाद पर्यटकों को मथुरा और वृंदावन ले जाया जाएगा। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर तथा वृंदावन में प्रेम मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा।
अंतिम दिन वृंदावन में बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों के साथ उनके समाधि स्थल, बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद पर्यटकों की लखनऊ वापसी होगी।

पैकेज में मिलेंगी ये सुविधाएं
यूपीएसटीडीसी के मुताबिक पैकेज में डबल शेयरिंग के आधार पर वातानुकूलित आवास, होटल में नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, हाई टी, टूर गाइड की सेवाएं तथा प्रवेश शुल्क शामिल हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस उत्तर प्रदेश के विविध पर्यटन अनुभवों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नीब करौरी बाबा की जीवन एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों को पर्यटन के माध्यम से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने कहा कि बाबा की आध्यात्मिक विरासत व्यापक रूप से जानी जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश से उनका जुड़ाव अपेक्षाकृत कम लोगों को ज्ञात है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष पैकेज तैयार किया गया है।
यूपीएसटीडीसी की असिस्टेंट मैनेजर पूजा के अनुसार, बाबा से जुड़े पहले शुरू किए गए पांच टूर पैकेज को अच्छा रिस्पॉन्स मिला और प्रतिदिन करीब 150 से 200 फोन कॉल प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि कई लोगों को पहली बार बाबा के उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की जानकारी मिली।
बुकिंग के लिए संपर्क
इच्छुक पर्यटक 91490 99890 और 83030 19844 पर संपर्क कर सकते हैं। पैकेज और बुकिंग से संबंधित जानकारी UPSTDC की वेबसाइट पर उपलब्ध है। ईमेल के माध्यम से जानकारी के लिए uptourslko@upstdc.co.in पर संपर्क किया जा सकता है।
Advertisements……





