मुलायम सिंह की याद में सड़कों पर उतरेगी सपा, 22 नवंबर से बरेली में शुरू होगा PDA का बड़ा अभियान, जानिए कहां-कहां पहुंचेगी पदयात्रा

समाजवादी पार्टी अब मुलायम सिंह यादव की स्मृति में बरेली की सड़कों पर अपनी ताकत दिखाने उतरेगी। 22 नवंबर से जिले की विधानसभा सीटों पर पदयात्राओं का सिलसिला शुरू होगा। गांवों से लेकर शहर की गलियों तक सपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे। पार्टी ने इसके लिए पूरा कार्यक्रम तैयार कर लिया है। जिला इकाई के साथ महानगर संगठन भी अलग-अलग इलाकों में पदयात्रा निकालकर लोगों के बीच पहुंचेगा।
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने पार्टी कार्यालय पर बताया कि पीडीए जनचेतना यात्रा की शुरुआत 22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से होगी। इसकी कमान विधानसभा अध्यक्ष बलराम सिंह यादव संभालेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को भोजीपुरा, 25 नवंबर को बिथरी चैनपुर, 27 नवंबर को मीरगंज और 30 नवंबर को नवाबगंज में पदयात्रा निकाली जाएगी।
दिसंबर में भी जारी रहेगा पदयात्राओं का सिलसिला
एक दिसंबर को बहेड़ी, तीन दिसंबर को आंवला, पांच दिसंबर को बिथरी चैनपुर, सात दिसंबर को नवाबगंज, नौ दिसंबर को बहेड़ी और 12 दिसंबर को मीरगंज में सपा कार्यकर्ता पदयात्रा निकालेंगे। इसके बाद 14 दिसंबर को बिथरी चैनपुर, 16 दिसंबर को फरीदपुर, 17 दिसंबर को आंवला, 19 दिसंबर को भोजीपुरा, 21 दिसंबर को बिथरी चैनपुर और 22 दिसंबर को फरीदपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने बताया कि शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में 23 नवंबर से छह दिसंबर तक पदयात्राओं का कार्यक्रम चलेगा। इसकी शुरुआत 23 नवंबर को सपा कार्यालय से कुतुबखाना घंटाघर तक होगी। 24 नवंबर को तिलक इंटर कॉलेज से कुतुबखाना और बांसमंडी होते हुए श्यामगंज चौराहे पर महेंद्र सिंह के प्रतिष्ठान तक पदयात्रा पहुंचेगी।
इन इलाकों से गुजरेगी सपा की पदयात्रा
25 नवंबर को मढ़ीनाथ पुलिया से सिठौरा और 26 नवंबर को सुभाषनगर पुलिया से बाजपेई स्वीट्स होते हुए 84 घंटा मंदिर बदायूं रोड तक पदयात्रा निकलेगी। 28 नवंबर को शाहमतगंज से सैलानी, जगतपुर होते हुए बीसलपुर चौराहे तक और 29 नवंबर को संजयनगर पेट्रोल पंप से पीलीभीत बाईपास तक कार्यकर्ता पहुंचेंगे। 30 नवंबर को चौपुला चौराहे से कुतुबखाना होते हुए कोहाड़ापीर चौराहे तक पदयात्रा निकलेगी। एक दिसंबर को ईसाइयों की पुलिया से कटरा चांद खां, नवादा शेखान होते हुए तिरंगा होटल पीलीभीत बाईपास तक यात्रा पहुंचेगी। दो दिसंबर को जवाहर पैलेस से बिहारीपुर ढाल और तीन दिसंबर को स्टेट बैंक कॉलोनी से बानखाना होते हुए कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप तक पदयात्रा निकाली जाएगी।
छह दिसंबर को सीबीगंज में होगा समापन
पांच दिसंबर को युगवीणा लाइब्रेरी सदर कैंट से धोपा मंदिर तक और छह दिसंबर को सीबीगंज बाजार से स्लीपर रोड लेबर कॉलोनी तक पदयात्रा निकाली जाएगी। महानगर क्षेत्र की सभी पदयात्राएं दोपहर दो बजे शुरू होंगी।




