श्याम भजनों से गूंजा सिंघल सदन, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु

विदेशी फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा बाबा श्याम का भव्य दरबार
लखनऊ। विदेशी फूलों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजे भव्य राजदरबार में विराजे बाबा श्याम की मनमोहिनी छवि ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अवसर था श्री श्याम ज्योत मण्डल द्वारा आयोजित एकादशी कीर्तन का, जो सिंघल सदन, आर्या नगर, लखनऊ में अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
“जमघट म्हारे श्याम का” थीम पर आधारित इस भजन संध्या में अनुपम मित्तल, सक्षम खंडेलवाल, रिंकू आदि भजन प्रवाहकों ने अपने सुमधुर भजनों से समूचे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। बाबा श्याम का दरबार स्वर्ण आभूषणों, रत्नजड़ित मोतियों एवं स्वर्णिम आभा से सुशोभित रहा, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।भजन संध्या से पूर्व पुरोहित श्री रितेश जी ने गणेश पूजन कर कार्यक्रम की निर्विघ्न सफलता हेतु प्रार्थना की। इसके पश्चात ज्योत प्रज्वलन नीलेश अग्रवाल (टाटा) के परिवार द्वारा किया गया। सर्वप्रथम राज श्री म्यूजिकल ग्रुप के साथ समिति सदस्यों ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में गायक श्रवण अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत भजन “सांवरे सलोने सताया ना करो, रोज़-रोज़ सपनों में आया ना करो…” एवं “ना पुष्पों के हार, ना सोने के दरबार, श्याम तो प्रेम के भूखे हैं…” ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।इस अवसर पर प्रमुख भक्तों में श्री राजेंद्र अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल (हुंडई), नरेश चंद्र अग्रवाल, स्वाति गोयल, सोनिका अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, यश अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा आयोजन भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।





