17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी
लखनऊ, 10 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल को लेकर उत्तर प्रदेश में प्रदेश सरकार और संगठन मिलकर व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगे। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों और देश-प्रदेश में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही लोगों को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर जोर रहेगा।
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल की मौजूदगी में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाए और सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण तथा विकास की उपलब्धियों को वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों के माध्यम से सामने लाया जाए।
मुख्यमंत्री ने युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जनपदों और विधानसभाओं में जाकर तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचेगा अभियान
बैठक में बताया गया कि अभियान के लिए शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है। केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों का डेटा-बैंक तैयार किया गया है।
अभियान के तहत प्रदेश के 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 0.68 करोड़ शहरी परिवार शामिल हैं। डिजिटल अभियान के माध्यम से 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियों को 60 सेकंड की रील के रूप में भी सामने लाया जाएगा।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से होगी शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ से होगी। इस अवसर पर विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लाभार्थी परिवारों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति होंगे।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सभी विधानसभाओं में विश्वकर्मा पूजन के साथ शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत प्रतियोगिताएं
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे। अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रभारी मंत्री संदीप सिंह को दी गई है।
नुक्कड़ नाटकों से गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा’
‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी गांवों और शहरों तक पहुंचाई जाएगी।
संस्कृति विभाग प्रत्येक जनपद में कलाकारों की टोलियां गठित करेगा। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह को प्रस्तुतियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मान देने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे विशेष कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य को माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
25 लाख लाभार्थियों की कहानियां बनेंगी डिजिटल कंटेंट
‘सेवा की कहानी’ डिजिटल और रील अभियान के तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी। इनमें आवास, स्कूल, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और विश्वविद्यालय जैसी विकास परियोजनाओं के साथ मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष और आयुष्मान भारत के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी शामिल होंगी।
प्रभारी मंत्री गिरीशचंद यादव को वास्तविक और प्रभावी कहानियों के चयन के निर्देश दिए गए हैं।
150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स करेंगे परियोजनाओं का भ्रमण
अभियान के तहत ‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स को प्रदेश की प्रमुख परिवर्तनकारी परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा।
इनमें प्रेरणा स्थल, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, बीआईडीए झांसी, राम मंदिर और काशी सहित प्रदेश की प्रमुख विकास एवं सांस्कृतिक परियोजनाएं शामिल होंगी। इन स्थलों के माध्यम से प्रदेश में हुए बदलाव और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक स्तर पर पहुंचाने की योजना है।
Advertisement….





