Uttar Pradesh

यूपी ट्रेड शो में चमकेगा रुहेलखंड, बरेली की जरी से मेंथा-फार्मा तक को मिलेगा बड़ा बाजार

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के उत्पादों की दिखेगी विविधता

बरेली। उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और छोटे उद्योगों को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने की दिशा में यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 रुहेलखंड के उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बनने जा रहा है। मेले में बरेली की जरी-जरदोजी, मेंथा, दवा, बांस-बेंत, खाद्य प्रसंस्करण और पैकेजिंग से जुड़े उत्पादों के साथ पीलीभीत की लकड़ी की नक्काशी, शाहजहांपुर की जरी कारीगरी और क्षेत्रीय खाद्य उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

मंडलायुक्त बरेली शंभू कुमार के अनुसार, स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्यमों को बड़े बाजार से जोड़ना इस तरह के आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। बरेली मंडल से पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ दवा, मेंथा, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बांस-बेंत जैसे क्षेत्रों से जुड़े उद्यमी भी मेले में भाग ले रहे हैं।

बरेली की जरी-जरदोजी पर रहेगी नजर

एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत बरेली की छह इकाइयों को मेले में स्थान मिला है। इनमें मनीषा ज्वेलरी सुनारी उद्योग, कमल ट्रेडर्स, पिंकी जरी आर्ट्स, शिखा जरी आर्ट, ज्योत्सना जरी वर्क और कृष्णा गारमेंट्स शामिल हैं। ये इकाइयां जरी-जरदोजी, हस्तशिल्प और कढ़ाई के उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।

पीलीभीत से राशिद हैंडीक्राफ्ट और फाइजाह मलिक लकड़ी की नक्काशी से जुड़े उत्पाद लेकर पहुंचेंगे।

छोटे उद्योगों के उत्पाद भी होंगे प्रदर्शित

मेले में बरेली के छोटे और मझोले उद्योगों की विविधता भी देखने को मिलेगी। सृष्टिपूर्ति मसाले और मसाला मिश्रण, नंदू शेफ के खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद, शील कलाकृति की रेजिन कला और ग्लिट्ज एंड थ्रेड्स के आभूषण प्रदर्शित किए जाएंगे।

इसके अलावा हंकरी आर्ट एंड एसेंस की सुगंधित मोमबत्तियां, रेजिन उत्पाद और धागे की चूड़ियां तथा फार्म टैब हेल्थ केयर के दवा उत्पाद भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगे। राजेश जरी गुड्स और रूबी जरी फैशन जरी-जरदोजी, हाथ की कढ़ाई और कृत्रिम आभूषणों के जरिए बरेली की कारीगरी पेश करेंगे।

नए निर्यातकों को भी मिला अवसर

मेले में 14 नए निर्यातकों के लिए निर्धारित स्टॉलों में बरेली की तीन इकाइयों को कुल पांच स्टॉल मिले हैं। एचएनवी फार्मा लिमिटेड (हम्बल हेल्थकेयर) दवा उत्पादों के साथ दो स्टॉल लगाएगी। वहीं दस्तकार बैम्बू केन डेवलपमेंट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बांस-बेंत से बने उत्पाद प्रदर्शित करेगी।

सिरमौर सोप्स एंड एलाइड प्रोडक्ट्स साबुन, कपड़े धोने के उत्पाद और झाड़ू लेकर पहुंचेगी। पीलीभीत की पीटीआर ग्लोबल एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड भारतीय लकड़ी से बने उत्पादों का प्रदर्शन करेगी।

मेंथा उद्योग से पैकेजिंग तक दिखेगी औद्योगिक ताकत

नियमित निर्यातकों के लिए निर्धारित मंडप में बरेली की तीन इकाइयां शामिल हैं। एसए इंटरनेशनल परिधान, केल्विन नेचुरल मिंट प्राइवेट लिमिटेड मेंथा तेल, पुदीना तेल, मेंथॉल क्रिस्टल और स्पीयरमिंट तेल तथा अंजनिनंदन प्रीमियर पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड पॉलीप्रोपाइलीन के थैले प्रदर्शित करेगी।

पीलीभीत की राशिद हैंडीक्राफ्ट लकड़ी की नक्काशी के उत्पाद पेश करेगी, जबकि दारक्षा मलिक और सुभुही जरी-जरदोजी के उत्पाद लेकर पहुंचेंगी। शाहजहांपुर की कुमकुम जरी वर्क्स जरी और उससे तैयार वस्तुओं के जरिए जिले की कारीगरी को खरीदारों तक पहुंचाएगी।

कारोबार के साथ दिखेगा रुहेलखंड का स्वाद

व्यापार मेले में औद्योगिक और हस्तशिल्प उत्पादों के साथ रुहेलखंड के पारंपरिक स्वाद की भी झलक मिलेगी। बरेली की अजंता स्वीट्स, रामपुर गार्डन और किप्स की पैकेज्ड बर्फी को खाद्य काउंटर पर जगह मिली है। वहीं मोहित शर्मा नाश्ता कॉर्नर के छोले-भटूरे भी परोसे जाएंगे।

बदायूं के हब्बू हलवाई का पेड़ा भी मेले में आकर्षण का हिस्सा रहेगा। पीलीभीत का पवन स्वीट हाउस खोया आधारित मिठाइयां और लौंज पेश करेगा। शाहजहांपुर से भी लौंज की प्रस्तुति होगी। बदायूं के सूरज मिष्ठान भंडार, ककराला को स्थानीय व्यंजनों के लिए स्टॉल संख्या 33 आवंटित किया गया है।

पारंपरिक हुनर के साथ आधुनिक उद्योगों की भी पहचान

यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रुहेलखंड की तस्वीर पारंपरिक कारीगरी से लेकर आधुनिक उद्योगों तक दिखाई देगी। बरेली की जरी-जरदोजी, पीलीभीत की लकड़ी की नक्काशी और शाहजहांपुर की जरी के साथ दवा, मेंथा, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बांस-बेंत से जुड़े उत्पाद भी खरीदारों के सामने होंगे।

इस भागीदारी के जरिए क्षेत्र के उद्यमियों को नए खरीदारों, व्यापारिक संपर्कों और संभावित निर्यात बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

Advertisements…………..

Related Articles

Back to top button