HaryanaSportsState News

हरियाणा को वैश्विक खेल केंद्र बनाने की दिशा में तेज़ कदम, ‘मिशन ओलंपिक 2036’ पर जोर

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से की मुलाकात खेल ढांचे को मजबूत करने पर चर्चा

हरियाणा को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां तेज़ कर दी हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के खेल ढांचे को सशक्त बनाने और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में ‘मिशन ओलंपिक 2036’ को केंद्र में रखते हुए दीर्घकालिक रणनीतियों पर विशेष रूप से विचार किया गया। साथ ही ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और ‘यूथ गेम्स’ जैसी योजनाओं को हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। मंत्री गौतम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

खेलों के विकास को लेकर बैठक में कोचिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, खेल नर्सरी और अकादमियों की संख्या बढ़ाने तथा शुरुआती स्तर से ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता, संतुलित डाइट प्लान और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।सरकार ने यह भी निर्णय लिया कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को अधिक व्यवस्थित और व्यापक बनाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ सकें और राज्य को नई पहचान दिला सकें। बैठक में उभरते और अनुभवी खिलाड़ियों की तैयारी तथा उनकी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान पलवल में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम सहित अन्य जिलों में बनने वाले आधुनिक खेल परिसरों पर भी चर्चा हुई। मंत्री गौतम ने बताया कि इन स्टेडियमों के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का मंच मिलेगा, जिससे उनके खेल करियर को नई दिशा मिलेगी।उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले ही देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल है और ओलंपिक सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के खिलाड़ियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। आने वाले समय में सुनियोजित प्रयासों और मजबूत नीतियों के माध्यम से हरियाणा को वैश्विक खेल केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button