जनविश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

लोक आयुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने कहा—जनविश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत
लखनऊ। लोक आयुक्त संगठन, उत्तर प्रदेश के 50वें स्थापना दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत किसी भी संवैधानिक संस्था में एक सामान्य नागरिक का विश्वास है। उन्होंने कहा कि जो संस्था आमजन के विश्वास पर खरी उतरेगी, लोकतंत्र में उसके महत्व और प्रभाव को बढ़ने से कोई कम नहीं आंक सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुड गवर्नेंस यानी सुशासन पूरी तरह पब्लिक ट्रस्ट पर निर्भर करता है। यदि जनता का किसी संस्था पर विश्वास नहीं होगा तो सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की सफलता के लिए यह आवश्यक है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी हमारी संवैधानिक संस्थाओं पर गौरव और भरोसे की अनुभूति कर सके।
सीएम योगी ने कहा कि केवल किसी संस्था का गठन कर देने मात्र से समस्याओं का समाधान नहीं होता। महत्वपूर्ण यह है कि संस्था अपने गठन की भावना और उद्देश्यों के अनुरूप किस प्रकार के परिणाम जनता को उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की वास्तविक पहचान उनके कार्यों और आमजन को मिलने वाले न्याय एवं समाधान से होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी कसौटी यही है कि एक सामान्य व्यक्ति भी बिना किसी भय या झिझक के संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंच सके और अपनी जिज्ञासा, शिकायत या समस्या के अनुरूप उचित परिणाम प्राप्त कर सके। जब आम नागरिक को यह विश्वास होता है कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसे न्याय मिलेगा, तभी लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनविश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने लोक आयुक्त संगठन से अपेक्षा व्यक्त की कि वह पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाए तथा आम नागरिकों के विश्वास पर लगातार खरा उतरने का प्रयास करे।
Advertisement….





