State NewsUttar Pradesh

विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में बरेली के युवाओं को भाग लेने का अवसर

बरेली। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा निःशुल्क भाग लेकर अपनी जानकारी, सोच और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बरेली के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रश्नोत्तरी में भाग लेने की अपील की है।

प्रश्नोत्तरी में कुल 20 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले युवाओं को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। चयनित युवाओं को अपने विचार, सुझाव और भविष्य की दृष्टि को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्राप्त होगा।

अभियान के तहत युवाओं की सहभागिता छह प्रमुख विषयों पर सुनिश्चित की जाएगी। प्रश्नोत्तरी के अलावा लेखन, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी युवाओं को जोड़ा जाएगा। जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की योजना है।

30 सितंबर तक करा सकते हैं पंजीकरण

इच्छुक युवा 30 सितंबर 2026 तक पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए माय भारत की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रोफाइल बनाना होगा। लॉगिन करने के बाद विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी एवं अन्य गतिविधियों का विकल्प चुनकर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। पंजीकरण पूरा होने के बाद संबंधित गतिविधि में भाग लिया जा सकेगा।

पुष्पा सिंह ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बरेली के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Advertisement…..

Related Articles

Back to top button