मुथूट फिनकॉर्प बना भारत में होने वाले घरेलू क्रिकेट का टाइटल स्पॉन्सर

बीसीसीआई के साथ मुथूट फिनकॉर्प का जुड़ाव हुआ और मजबूत, नेशनल टीम से लेकर घरेलू क्रिकेट तक साझेदारी का विस्तार
लखनऊ, अक्टूबर 2026। मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड अब भारत में होने वाले घरेलू क्रिकेट का टाइटल स्पॉन्सर बन गया है। इस साझेदारी के तहत भारत में आयोजित होने वाले घरेलू क्रिकेट मैचों के साथ-साथ देश में खेली जाने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज और टूर्नामेंट भी शामिल होंगे। इसके साथ मुथूट फिनकॉर्प का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ जुड़ाव राष्ट्रीय टीमों से आगे बढ़कर भारतीय क्रिकेट के व्यापक घरेलू ढांचे तक पहुंच गया है।
इस साझेदारी में भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम, सीनियर महिला राष्ट्रीय टीम, इंडिया ए पुरुष टीम, इंडिया बी पुरुष टीम, इंडिया ए महिला टीम तथा अंडर-19 पुरुष और महिला टीमों सहित अन्य निर्धारित टीमों के मुकाबले शामिल होंगे।
इसके अलावा रणजी ट्रॉफी, ईरानी कप, दलीप ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसी प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताएं भी इस टाइटल स्पॉन्सरशिप का हिस्सा होंगी।
मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर थॉमस जॉर्ज मुथूट ने कहा कि क्रिकेट भारतीय लोगों से जुड़ने का एक खास माध्यम है। बीसीसीआई के साथ यह साझेदारी राष्ट्रीय और घरेलू, दोनों स्तरों पर भारतीय क्रिकेट को समर्थन देने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर शाजी वर्गीज ने कहा कि बीसीसीआई के साथ यह साझेदारी देश के क्रिकेट प्रशंसकों से व्यापक स्तर पर जुड़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीमों के मुकाबलों के साथ प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं का हिस्सा बनना कंपनी के लिए हर भारतीय की रोजमर्रा की कहानी से जुड़ने का अवसर है।
बीसीसीआई के प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास ने कहा कि भारतीय क्रिकेट का होम सीजन राष्ट्रीय टीमों, घरेलू प्रतियोगिताओं और करियर के विभिन्न पड़ावों पर मौजूद खिलाड़ियों को एक मंच पर लाता है। उन्होंने मुथूट फिनकॉर्प का टाइटल स्पॉन्सर के रूप में स्वागत करते हुए कहा कि यह साझेदारी भारतीय क्रिकेट की मजबूती और देशभर के लोगों के साथ इसके जुड़ाव को दर्शाती है।
उन्होंने दोनों ब्रांड्स के बीच समानता का उल्लेख करते हुए कहा कि मुथूट फिनकॉर्प का नीला रंग भारतीय क्रिकेट की ‘मेन इन ब्लू’ और ‘विमेन इन ब्लू’ टीमों के रंग से मेल खाता है।
बीसीसीआई के ऑनरेरी सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत का होम सीजन देश के पूरे क्रिकेटिंग ढांचे को सामने लाता है। सीनियर राष्ट्रीय टीमों और इंडिया ए से लेकर एज-ग्रुप टीमों और घरेलू प्रतियोगिताओं तक, कैलेंडर का प्रत्येक हिस्सा भारतीय क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि मुथूट फिनकॉर्प का जुड़ाव इस पूरे क्रिकेट प्लेटफॉर्म तक फैला हुआ है। बीसीसीआई ने मुथूट फिनकॉर्प को टाइटल स्पॉन्सर के रूप में जोड़ने पर खुशी जताई और मुथूट पप्पाचन ग्रुप के साथ मिलकर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों को बेहतर क्रिकेट अनुभव देने की उम्मीद व्यक्त की।
देशभर के क्रिकेट दर्शकों तक पहुंचेगा ब्रांड
यह साझेदारी बीसीसीआई की राष्ट्रीय टीमों और प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं के माध्यम से मुथूट फिनकॉर्प को देशभर के क्रिकेट दर्शकों के साथ जुड़ने का व्यापक अवसर देगी। राष्ट्रीय स्तर से लेकर घरेलू क्रिकेट तक कंपनी की ब्रांड मौजूदगी भारतीय क्रिकेट के विभिन्न स्तरों पर दिखाई देगी।
Advertisements…..





