State NewsUttar Pradesh

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने भव्य शोभायात्रा का किया जोरदार स्वागत

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा का नगर निगम गेट पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जोरदार स्वागत किया।

शोभायात्रा के नगर निगम द्वार पर पहुंचते ही महापौर ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के साथ मिलकर शोभायात्रा में शामिल अनुयायियों पर पुष्पवर्षा की। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘बाबा साहब अमर रहें’ व ‘जय भीम’ के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।

इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि बाबा साहब के विचार और उनके द्वारा दिखाया गया समानता का मार्ग आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और बाबा साहब के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा इस भव्य आयोजन में साफ दिखाई देती है।

शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान नगर निगम के पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।

Related Articles

Back to top button